Scorpio Pickup: महिंद्रा स्कॉर्पियो के पिकअप वर्जन का फ्रंट लुक काफी हद तक स्कॉर्पियो एन जैसा हो सकता है, लेकिन इसमें कुछ बदलाव किए जा सकते हैं।

Scorpio Pickup: भारत की प्रमुख वाहन निर्माता Mahindra & Mahindra अपनी दमदार एसयूवी रेंज के लिए जानी जाती है। कंपनी की लोकप्रिय मिड-साइज एसयूवी Mahindra Scorpio N को ग्राहकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। अब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी इस एसयूवी के पिकअप वर्जन को लाने की तैयारी कर रही है। हालांकि कंपनी ने आधिकारिक रूप से अभी इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन टेस्टिंग के दौरान इसे कई बार देखा जा चुका है।

टेस्टिंग के दौरान दिखा नया मॉडल
रिपोर्ट्स के अनुसार स्कॉर्पियो एन पिकअप की टेस्टिंग भारत के साथ-साथ कुछ विदेशी बाजारों में भी की जा रही है। इससे संकेत मिलते हैं कि कंपनी इसे पहले इंटरनेशनल मार्केट में लॉन्च कर सकती है और बाद में भारत में पेश किया जा सकता है।

डिजाइन में क्या होगा खास
संभावना है कि पिकअप वर्जन का फ्रंट लुक काफी हद तक स्कॉर्पियो एन जैसा ही रखा जाएगा, लेकिन इसमें कुछ बदलाव किए जा सकते हैं। पीछे की तरफ एक बड़ा लोड बेड दिया जा सकता है, जिससे यह कमर्शियल और एडवेंचर दोनों जरूरतों के लिए उपयोगी बन सके। टेलगेट पर बड़े अक्षरों में महिंद्रा ब्रांडिंग देखने को मिल सकती है।

इंटीरियर और फीचर्स
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका केबिन भी एसयूवी वर्जन से मिलता-जुलता हो सकता है। इसमें डार्क थीम वाला इंटीरियर, एडवांस्ड ADAS फीचर्स, कई एयरबैग, 5G कनेक्टिविटी और ट्रेलर स्वे कंट्रोल जैसे आधुनिक फीचर्स दिए जा सकते हैं, जिससे यह सेफ्टी और टेक्नोलॉजी के मामले में मजबूत विकल्प बन सकता है।

इंजन और परफॉर्मेंस
संभावना है कि इसमें वही इंजन विकल्प मिलें जो स्कॉर्पियो एन और Mahindra Thar में दिए जाते हैं। इसमें 2.0-लीटर mStallion टर्बो पेट्रोल और 2.2-लीटर mHawk डीजल इंजन का विकल्प मिल सकता है। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स, रियर-व्हील ड्राइव और फोर-व्हील ड्राइव के विकल्प भी दिए जा सकते हैं।

कब हो सकता है लॉन्च
कंपनी ने लॉन्च टाइमलाइन को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि इसे पहले विदेशी बाजारों में उतारा जाएगा और उसके बाद भारतीय बाजार में भी पेश किया जा सकता है।

(मंजू कुमारी)