Hyundai SUV: हुंडई की कॉम्पैक्ट एसयूवी एक्स्टर का फेसलिफ्ट मॉडल साउथ कोरिया में टेस्टिंग के दौरान स्पॉट हुआ है। यह एसयूवी टेस्टिंग यूनिट पूरी तरह कवर थी, लेकिन कुछ अहम जानकारी सामने आई है।

Hyundai SUV: भारत की प्रमुख कार निर्माता हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) अपनी कॉम्पैक्ट SUV हुंडई एक्स्टर के फेसलिफ्ट वर्जन पर काम कर रही है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन हाल ही में इस SUV को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे इसके अपडेट को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

टेस्टिंग के दौरान मिला संकेत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फेसलिफ्ट मॉडल को साउथ कोरिया में टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया। टेस्टिंग यूनिट पूरी तरह कवर थी, लेकिन कुछ अहम जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नई Exter में मौजूदा मॉडल जैसा ही हेडलाइट और ग्रिल डिजाइन बरकरार रखा जा सकता है। हालांकि, फ्रंट और रियर बंपर में हल्के बदलाव देखने को मिल सकते हैं। टेस्टिंग मॉडल में स्टील व्हील्स भी नजर आए, जो संभवतः बेस वेरिएंट में दिए जा सकते हैं।

इंटीरियर और फीचर्स में मिल सकते हैं बड़े अपडेट
फेसलिफ्ट वर्जन में इंटीरियर को Hyundai की नई डिजाइन लैंग्वेज से प्रेरित किया जा सकता है। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 360-डिग्री कैमरा, फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स, आर्मरेस्ट और रियर सनशेड जैसे फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। इन अपग्रेड्स के साथ Exter अपने सेगमेंट में और अधिक प्रीमियम विकल्प बन सकती है।

इंजन और परफॉर्मेंस
इंजन में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसमें मौजूदा 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन जारी रह सकता है, जो 83 PS की पावर और 113.8 Nm का टॉर्क देता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड मैनुअल और AMT शामिल हो सकते हैं। साथ ही पेट्रोल और CNG दोनों विकल्प उपलब्ध रहने की उम्मीद है।

लॉन्च टाइमलाइन और मुकाबला
अनुमान है कि Hyundai Exter Facelift को भारत में 2026 के आखिर तक लॉन्च किया जा सकता है। कीमत में हल्की बढ़ोतरी संभव है। कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट में इसका मुकाबला Tata Punch और Maruti Wagon R जैसी कारों से होता है।

(मंजू कुमारी)