Honda Scooter: होंडा कंपनी ने महाराष्ट्र के पुणे, मुंबई, ठाणे, नागपुर और नवी मुंबई जैसे प्रमुख शहरों में एक्टिवा स्कूटर की लगातार मजबूत डिमांड के चलते बिक्री का यह माइलस्टोन हासिल किया है।

Honda Scooter: देश की दिग्गज टू-व्हीलर निर्माता होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने महाराष्ट्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी की लोकप्रिय स्कूटर होंडा एक्टिवा (Honda Activa) ने राज्य में 50 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। यह उपलब्धि एक्टिवा ने पिछले 25 सालों में हासिल की है, जो महाराष्ट्र जैसे बड़े टू-व्हीलर बाजार में ग्राहकों के मजबूत भरोसे को दर्शाती है।

किन शहरों से मिली रफ्तार?
कंपनी के अनुसार पुणे, मुंबई, ठाणे, नागपुर और नवी मुंबई जैसे प्रमुख शहरों में लगातार मजबूत मांग के चलते यह माइलस्टोन हासिल हुआ। इन शहरों में रोजमर्रा की आवाजाही के लिए टू-व्हीलर आज भी सबसे किफायती और भरोसेमंद साधन हैं, जहां Activa ने ग्राहकों की जरूरतों को बखूबी पूरा किया है। इसकी शुरुआती कीमत करीब 76,000 रुपये है।

मजबूत नेटवर्क का सहारा
महाराष्ट्र में HMSI के 700 से ज्यादा सेल्स और सर्विस टचपॉइंट्स हैं। मजबूत डीलर नेटवर्क की वजह से ग्राहकों को आसान खरीद प्रक्रिया और भरोसेमंद आफ्टर-सेल्स सर्विस मिलती है, जो Activa की लोकप्रियता का अहम कारण है।

कंपनी की प्रतिक्रिया
इस उपलब्धि पर HMSI के डायरेक्टर (सेल्स एंड मार्केटिंग) मुत्सुओ उसुई ने कहा कि 50 लाख की बिक्री ग्राहकों के लंबे भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने महाराष्ट्र को कंपनी के लिए अहम और डायनैमिक बाजार बताया और कहा कि कंपनी का फोकस आगे भी बेहतर कस्टमर एक्सपीरियंस और लगातार अपडेट्स पर रहेगा।

क्यों है Activa खास?
मजबूत रीसेल वैल्यू, बेहतर माइलेज, भरोसेमंद परफॉर्मेंस और कम मेंटेनेंस कॉस्ट Activa को लॉन्ग-टर्म इन्वेस्टमेंट बनाते हैं। हाल ही में पेश की गई Honda Activa e: ने ग्राहकों को इलेक्ट्रिक विकल्प भी दिया है।

Activa के अलावा HMSI के पोर्टफोलियो में Honda Dio जैसे स्कूटर और प्रीमियम मोटरसाइकिल्स शामिल हैं, जिन्हें BigWing नेटवर्क के जरिए बेचा जाता है।

(मंजू कुमारी)