(मंजू कुमारी) 
Citroen India MS Dhoni: फ्रेंच ऑटोमेकर कंपनी सिट्रोएन ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को सिट्रोएन इंडिया का ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। धोनी इस कंपनी के लिए दो साल तक प्रोडक्ट्स का विज्ञापन और प्रचार करेंगे। इसके लिए वह 7 करोड़ रुपए सालाना फीस लेंगे। इकोनॉमिक टाइम्स ने मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र के हवाले से अपनी रिपोर्ट में यह खुलासा किया है। सिट्रोएन इंडिया भारतीय इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट के साथ-साथ पड़ोसी देशों जैसे- नेपाल, भूटान समेत एशियाई देशों पर फोकस कर रही है।  

सिट्रोएन भारत से ईवी एक्सपोर्ट करने वाली पहली कंपनी 
फ्रांस की ईवी कंपनी सिट्रोएन ने EV प्रोडक्शन और उनके एक्सपोर्ट में बाजी मार ली। अब सिट्रोएन पहली मल्टीनेशनल कंपनी बन गई है, जिसने भारत से ईवी एक्सपोर्ट की है। कंपनी ने पिछले दिनों तमिलनाडु के कामराजार बंदरगाह से इंडोनेशिया के लिए 'मेड इन इंडिया' ë-C3 इलेक्ट्रिक कारों की 500 यूनिट भेजी हैं। सिट्रोएन की मूल कंपनी स्टेलेंटिस ने कहा कि ईवी एक्सपोर्ट की उपलब्धि हासिल करने के बाद हमारे पास कुछ अन्य बाजारों नेपाल और भूटान के लिए भी योजनाएं हैं।

भारत में डीलरशिप नेटवर्क बढ़ाने में जुटी है सिट्रोएन  
फ्रांसीसी कंपनी सिट्रोएन भारत में अपने डीलरशिप नेटवर्क को फैलाने में लगी है। इसके अलावा सिट्रोएन इंडिया विशेष ऑफर के साथ घरेलू बाजार में तीसरे वर्षगांठ समारोह का जश्न मना रही है। कंपनी ने C3 और E-C3 इलेक्ट्रिक हैचबैक का 'ब्लू' वेरिएंट लॉन्च किया है, लेकिन दोनों की लिमिटेड यूनिट सेल की जाएंगी। फिलहाल, 2024  Citroen C3 C3 की कीमत 5.99 लाख रुपए से शुरू होती है। इसमें 17,000 रुपए की कटौती की गई। इसी तरह  सी3 एयरक्रॉस के बेस मॉडल की कीमत 1 लाख रुपए घटाई गई। जो अब 8.99 लाख (एक्स-शोरूम) में मिलेगी। 

आकर्षक छूट और रेफरल प्रोग्राम का लाभ दे रही कंपनी
भारत में सिट्रोएन के लिमिटेड पीरियड डिस्काउंट का फायदा अप्रैल महीने में उठाया जा सकता है। कंपनी के मिड साइज एसयूवी की कीमत मिडिल-स्पेक कॉम्पैक्ट एसयूवी के दायरे में है। वेरिएंट के आधार पर कीमतों में छूट अलग-अलग है। वर्षगांठ समारोह के मौके पर सिट्रोएन मौजूदा ग्राहकों को खास सुविधाएं भी प्रदान कर रही है, जिसमें एक कार स्पा सर्विस भी शामिल है। कंपनी ने एक रेफरल प्रोग्राम लॉन्च किया है, जहां ग्राहकों को हर सफल रेफर के लिए 10,000 रुपए का वाउचर दिया जा रहा है। कंपनी इन प्रयासों से ग्राहकों की संतुष्टि और वफादारी को बढ़ाना चाहती है। 

कंपनी मार्च में किया था ये बड़ा ऐलान?
पिछले महीने मार्च में Citroen ने अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल e-C3 की 4,000 यूनिट को ब्लूस्मार्ट मोबिलिटी (ऑल-इलेक्ट्रिक राइड-हेलिंग स्टार्टअप) को 12 महीनों के लिए सप्लाई करने का ऐलान किया था। इसके बाद बेंगलुरु में ब्लूस्मार्ट के EV चार्जिंग सुपरहब से 125 Citroen e-C3 को हरी झंडी भी दिखाई थी। ब्लूस्मार्ट के सीईओ अनमोल जग्गी ने कहा कि अगर ज्यादा मैन्यूफ्रैक्चरर ई-मोबिलिटी को अपनाएंगे, हमारे लिए अवसर बढ़ेंगे। हम भारत के बड़े शहरों में राइड-हेलिंग सर्विस की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए तैयार हैं।