New Burgman: सुजुकी ने बर्गमैन के 2026 मॉडल में कोई बड़ा मैकेनिकल बदलाव नहीं किया है। नया कलर, दमदार इंजन, बेहतर माइलेज और प्रीमियम फीचर्स के साथ यह स्कूटर एक शानदार ऑप्शन होगा।

New Burgman: सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने भारत में अपने लोकप्रिय मैक्सी-स्कूटर Suzuki Burgman Street EX का नया 2026 मॉडल लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस स्कूटर को एक नए रंग विकल्प के साथ अपडेट किया है। नए मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 1.08 लाख रुपये रखी गई है। हालांकि, इस अपडेट में डिजाइन, फीचर्स और इंजन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है।

नया क्या मिला?
2026 मॉडल में सबसे बड़ा बदलाव नए कलर ऑप्शन के रूप में देखने को मिलता है। कंपनी ने इस स्कूटर में पर्ल ग्रेस व्हाइट नाम का नया रंग जोड़ा है, जो इसे और प्रीमियम लुक देता है। अब यह स्कूटर कुल तीन रंगों पर्ल ग्रेस व्हाइट (नया), मैटेलिक रॉयल ब्रॉन्ज और मैटेलिक मैट ब्लैक में उपलब्ध है। नया मॉडल देशभर के सभी Suzuki डीलरशिप पर बिक्री के लिए उपलब्ध है।

इंजन और परफॉर्मेंस
परफॉर्मेंस की बात करें तो स्कूटर में पहले जैसा ही 124cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 8.6 hp की पावर और 10 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। बेहतर माइलेज के लिए इसमें Engine Auto Stop-Start (EASS) फीचर मिलता है। ट्रैफिक में स्कूटर रुकने पर इंजन अपने आप बंद हो जाता है और एक्सीलेरेटर देते ही फिर से स्टार्ट हो जाता है। इससे शहर में फ्यूल बचाने में मदद मिलती है।

फीचर्स जो बनाते हैं प्रीमियम

  • 2026 Burgman Street EX में कई आधुनिक और प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं। इसमें Suzuki Ride Connect ब्लूटूथ कनेक्टिविटी वाला डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है, जो स्मार्टफोन से कनेक्ट होकर कई जरूरी जानकारी दिखाता है। इसके अलावा स्कूटर में बेहतर विजिबिलिटी के लिए LED हेडलाइट और टेललाइट दी गई हैं। सामने की तरफ विंडस्क्रीन भी दी गई है, जो तेज हवा से बचाने में मदद करती है। 
  • आरामदायक राइड के लिए इसमें डुअल-टोन सीट और सीट के नीचे 21.5 लीटर का बड़ा अंडर-सीट स्टोरेज मिलता है। वहीं, बेहतर स्टेबिलिटी के लिए पीछे 12-इंच का बड़ा पहिया दिया गया है। 
  • कुल मिलाकर 2026 मॉडल में बड़ा मैकेनिकल बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन नया पर्ल ग्रेस व्हाइट कलर इसे और आकर्षक बनाता है। दमदार इंजन, अच्छे माइलेज और प्रीमियम फीचर्स के साथ यह स्कूटर पहले की तरह ही ग्राहकों के लिए एक शानदार विकल्प है।

(मंजू कुमारी)