India-Bangladesh Tention: बांग्लादेश ने दिल्ली और त्रिपुरा में वीजा सेवाएं कीं निलंबित, दोनों देशों के रिश्तों में बढ़ी खटास

भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ते तनाव के बीच बांग्लादेश ने नई दिल्ली और त्रिपुरा में वीजा व कांसुलर सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। जानिए पूरा मामला, भारत की प्रतिक्रिया और इसके पीछे की वजह।

Updated On 2025-12-23 07:57:00 IST

भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ते तनाव के बीच बांग्लादेश ने नई दिल्ली और त्रिपुरा में वीजा व कांसुलर सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं।

India-Bangladesh Tention: भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ते कूटनीतिक तनाव के बीच बांग्लादेश ने भारत में अपनी वीजा सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। बांग्लादेश हाई कमीशन, नई दिल्ली ने एक सार्वजनिक सूचना जारी कर “अपरिहार्य परिस्थितियों” का हवाला देते हुए वीजा और कांसुलर सेवाएं बंद करने की घोषणा की है।

इसी तरह त्रिपुरा स्थित बांग्लादेश के असिस्टेंट हाई कमीशन ने भी वीजा सेवाएं रोक दी हैं। यह फैसला मिशन के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद लिया गया। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में बांग्लादेशी वीजा आवेदन प्रोसेस करने वाली एक निजी एजेंसी ने भी अस्थायी रूप से काम बंद कर दिया है।

बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थानीय अखबार प्रथम आलो को बताया कि नई दिल्ली स्थित मिशन में सभी कांसुलर ऑपरेशंस अगले आदेश तक निलंबित कर दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, हालिया घटनाक्रम और सुरक्षा हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

भारत की प्रतिक्रिया

भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने नई दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक के आरोपों को खारिज किया है। MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बांग्लादेशी मीडिया के कुछ हिस्सों में इस घटना को लेकर भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं।

जायसवाल ने बताया कि 20 दिसंबर को करीब 20-25 युवाओं ने बांग्लादेश के मयमनसिंह में दीपू चंद्र दास की हत्या के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की मांग की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाई कमीशन की सुरक्षा घेराबंदी तोड़ने की कोई कोशिश नहीं हुई और कुछ ही मिनटों में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटा दिया।

MEA ने यह भी दोहराया कि भारत वियना कन्वेंशन के तहत अपने क्षेत्र में सभी विदेशी दूतावासों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही भारत ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों को लेकर अपनी गंभीर चिंता भी जताई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भारत ने भी सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश के खुलना, राजशाही और चटगांव जैसे शहरों में वीजा सेवाएं निलंबित कर दी थीं। चटगांव में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान वीजा कार्यालय पर पथराव की घटनाएं भी सामने आई थीं।

दोनों देशों द्वारा एक-दूसरे की वीजा सेवाएं रोकने से यह साफ हो गया है कि भारत-बांग्लादेश संबंध इस समय गंभीर तनाव के दौर से गुजर रहे हैं।

Tags:    

Similar News