बलूचिस्तान: BLA का पाकिस्तान सेना पर बड़ा हमला, आग का गोला बनीं पुलिस की गड़ियां
BLA attack on Pakistan Army: भारत के साथ बढ़ते तनाव के बीच बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने पाकिस्तान सेना पर बड़ा हमला बोल दिया। बीएलए की विशेष इकाई फतेह स्क्वाड ने शुक्रवार (9 मई 2025) को कलात के मंगूचर शहर में तोड़फोड़ करते हुए पुलिस की गाड़ियां आग के हवाले कर दी। मंगूचर समेत बलूचिस्तान के 4 शहरों को निशाना बनाया है।
बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने फतेह स्क्वाड ऑपरेशन के दौरान कलात जिले में पुलिस टीम पर हमला करते हुए 5 जवानों को बंधक बना लिया था। हालांकि, शुक्रवार शाम उन्हें रिहा करने की घोषणा कर दी।
क्वेटा-कराची राजमार्ग पर यातायात बाधित
बीएलए ने दावा किया है कि नादरा कार्यालय, न्यायिक परिसर और एक स्थानीय बैंक सहित प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों पर उत्पात मचाते हुए आग लगा दी थी। सरकारी कर्मियों को बंधक बनाने की जानकारी भी दी गई है। खज़नई में क्वेटा-कराची राजमार्ग पर आवागमन ठप कर दिया था।
पाकिस्तानी सैन्य शिविर पर हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीएलए के लड़ाकों ने पाकिस्तानी सैन्य शिविर पर भी हमला किया है। इसमें कई सैनिक घायल हुए हैं। वहीं मंगूचर में पाकिस्तानी सेना के सदस्य अब्दुल कुदोस को हिरासत में लिया था। खज़नई के पास कैदियों को ले जा रही पुलिस वैन रोककर एएसआई गुलाम सरवर सहित पांच पुलिस अधिकारियों को हिरासत में लेकर दस कैदी रिहा कर दिए थे।
रहीमाबाद के पास पुल ध्वस्त
रहीमाबाद के पास पुल ध्वस्त करने और कलात टोल प्लाजा के पास रिमोट-नियंत्रित विस्फोट किए जाने की भी सूचना है। बीएलए ने की ओर से बताया गया कि यह हमले उसने पाकिस्तानी राज्य के खिलाफ चल रहे प्रतिरोध का हिस्सा हैं। वह बलूच को स्वतंत्र राष्ट्र की मांग कर रहे हैं।