UP Weather Update: मौसम ने ली करवट, आज से बढ़ेगी ठिठुरन; बर्फीली हवाएं बढ़ाएंगी सर्दी का असर
आज से आगरा, लखनऊ, कानपुर सहित कई शहरों में ठंडी और बर्फीली हवाएं चलेंगी, जिससे सर्दी बढ़ेगी।
तापमान में गिरावट के साथ ही सुबह और शाम के समय धुंध और कोहरे का असर भी बढ़ने की संभावना है।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पूर्वी हवाओं और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण न्यूनतम तापमान में अस्थाई वृद्धि दर्ज की गई थी, लेकिन अब अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज यानी रविवार से प्रदेश के कई हिस्सों में पारा तेजी से नीचे लुढ़केगा, जिससे ठंड में अचानक वृद्धि होगी।
आगरा, कानपुर, लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों सहित कई जिलों में अब ठंडी और बर्फीली हवाओं का प्रभाव बढ़ने से सर्दी अपने तेवर दिखाएगी।
इन शहरों में आज से पारा लुढ़कने की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट का सिलसिला आज से शुरू हो सकता है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा और ऊंचे बादलों की वजह से जो न्यूनतम तापमान सामान्य से डेढ़ डिग्री ज्यादा हो गया था, वह अब गिरेगा।
आगरा, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, मथुरा, और काशी जैसे बड़े शहरों में तापमान तेजी से नीचे आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को अब असली सर्दी का एहसास होगा। हालांकि, ऊंचे बादलों की आवाजाही के कारण रात के तापमान में पहले वृद्धि दर्ज की गई थी।
धुंध और कोहरे का प्रभाव बढ़ेगा
तापमान में गिरावट के साथ ही सुबह और शाम के समय धुंध और कोहरे का असर भी बढ़ने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, बंगाल की ओर से आ रही नम हवा के कारण आसमान में ऊंचे बादल छाए रहे, जिससे वातावरण में नमी बनी रही।
यही नमी अब मौसम बदलने के साथ मिलकर सुबह-शाम घने धुंध का रूप ले सकती है। खासकर, रविवार के बाद रात के तापमान में कमी आने के साथ ही, दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।
कानपुर में दर्ज हुई तापमान में हल्की कमी
कानपुर स्थित सीएसए के मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार की तुलना में अधिकतम तापमान में मामूली कमी आई है, जब यह 27.9 डिग्री सेल्सियस था। वातावरण में नमी का अधिकतम प्रतिशत 95 और न्यूनतम प्रतिशत 48 दर्ज किया गया।
उत्तर-पूर्व दिशा से 1.1 से 1.7 किमी प्रति घंटा की गति से हवा चलती रही है। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि मौसम अब ठंडी हवाओं के साथ निर्णायक मोड़ ले रहा है।