रामलला प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान, 5वां दिन LIVE: वास्तु पूजा के बाद सिंहासन पर विराजमान हुए रामलला, सज कर तैयार हुआ मंदिर

Ayodhya Ram Temple Pran Pratishtha Day 5: अयोध्या में 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा का मुख्य समारोह होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामलला के आंखों पर बंधी पट्टी को खोलेंगे। उनके सोने की सलाई से काजल लगाएंगे। इस समारोह में देश-दुनिया से तमाम लोग आएंगे।

Updated On 2024-01-20 22:31:00 IST
Ayodhya Ram Temple Pran Pratishtha

Ayodhya Ram Temple Pran Pratishtha Day 5: अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अब बस दो दिन बाकी रह गए हैं। इसे लेकर अयोध्या में  हलचल तेज हो गई है। शनिवार को अयोध्या में जहां प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पांचवे दिन के तहत रामलला के विग्रह के अधिवास के साथ वास्तुपूजा हुई। इसके बाद रामलला को सिंहासन पर विराजमान कराया गया। वहीं दूसरी तरफ श्रीराम मंदिर भी सज कर तैयार नजर आया। शनिवार की रात मंदिर रोशनी से नहाया नजर आया। मंदिर के खंभों और दिवारों पर फूलों की सजावट की गई है।

सुबह नौ बजे शुरू हुआ अनुष्ठान
श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान सुबह 9 बजे से शुरू हुआ। अनुष्ठान शाम तक चला। प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान में रामलला के विग्रह के अधिवास के साथ वास्तुपूजा हुई। वास्तु शांति के बाद रामलला को सिंहासन पर विराजमान किया गया। इससे पहले रामलला के विग्रह को पहले शर्करा अधिवास और उसके बाद फलाधिवास में रखा गया। मतलब प्रभु राम सिंहासन पर विराजमान होने से पहले शर्करा, फल और पुष्प में विराजेंगे। पाकिस्तान के हिंगलाज शक्तिपीठ का जल भी अयोध्या पहुंच गया। 

यहां देखें प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण: 

शुक्रवार की शाम 7 बजे से जन्मभूमि परिसर में बने अस्थाई मंदिर में रामलला के दर्शन बंद हो गए हैं। अब 23 जनवरी से देशवासियों को दर्शन देंगे। फिलहाल, रामलला की पहली पूर्ण मनोहारी छवि शुक्रवार को दुनिया ने देखी। 5 साल के बाल स्वरूप में नयनाभिराम प्रभु राम अयोध्या के राजा के रूप में नजर आए। उनकी मुस्कान दिव्यता और भव्यता से पूर्ण थी। 

Live Updates...

  • प्राण प्रतिष्ठा समारोह में काशी के डोमराजा सपत्नीक शामिल होंगे। इसके साथ ही समाज के निचले पायदान से आने वाले पंद्रह यजमान भी समारोह के दौरान मौजूद रहेंगे। 
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को अयोध्या पहुंचेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री के एक दिन पहले अयोध्या पहुंचने की बात कही जा रही थी। हालांकि शेड्यूल में एक बार फिर से बदलाव कर दिया गया है। पीएम मोदी प्रतिष्ठा समारोह से पहले जटायु की प्रतिमा का उद्घाटन करेंगे। 
  • प्राण प्रतिष्ठा पर रामलला के अभिषेक के लिए देशभर से पवित्र जल लाया गया है। इसमें पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से तीन नदियों का जल आया है। बेंगलुरु के रहने वाले जैव शारदा कमेटी के सदस्य मंजूनाथ शर्मा ने तीन नदियों का जल राम मंदिर ट्रस्ट को सौंपा। 
  • प्रधानमंत्री सुबह तमिलनाडु के तिरुचिपल्ली स्थित श्री रंगनाथ स्वामी मंदिर पहुंचे। यहां मंदिर की तरफ से पीएम मोदी को अयोध्या ले जाने के लिए उपहार दिया गया है। 
  • अयोध्या राम मंदिर के प्राणप्रतिष्ठा समारोह को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद पर जगद्गुरु रामभद्राचार्या ने कहा कि विनाश काले विपरीत बुद्धि। उन्हें कोई ज्ञान नहीं है।

  • विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने कश्मीर, तमिलनाडु और अफगानिस्तान से मिले उपहार श्रीराम मंदिर के 'यजमान' अनिल मिश्रा को सौंपे। इसमें कुभा (काबुल) नदी का जल श्री राम के अभिषेक के लिए भेजा गया है।
  • नेपाल से तमाम भक्त अयोध्या पहुंचे हैं। इनमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। शुक्रवार सुबह सभी भक्तों ने राम भजन गाए। 
  • प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले, 6 महीने में बनाया गया लगभग 400 किलोग्राम वजन का ताला और चाबी अलीगढ़ से अयोध्या पहुंच गया है।
  • रामलला की पूर्ण मूर्ति की फोटो लीक होने पर राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा पूरी होने से पहले भगवान राम की मूर्ति की आंखें प्रकट नहीं की जा सकतीं। तो आंखें किसने दिखाईं और मूर्ति की तस्वीरें कैसे वायरल हो रही हैं, इसकी जांच होनी चाहिए। 

  • अयोध्या में आज से बाहरी लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। अयोध्या आने के लिए निमंत्रण पत्र जरूरी होगा। केवल पत्र पर ही प्रवेश मिलेगा। 
  • सैंड आर्टिस्ट रूपेश कुमार ने लता मंगेशकर चौक पर रेत से रामकथा से संबंधित आकृति उकेरी है। भगवान राम एक हाथ में अपने सबसे छोटी भक्त गिलहरी, और एक हाथ में धनुष लिए नदी के तट पर बैठे हैं। राम गिलहरी को निहार रहे हैं। आस-पास पड़े पत्थरों पर राम नाम उकेरे हुए हैं और पृष्ठभूमि में अयोध्या का विशाल मंदिर है। रूपेश ने कहा कि ये उनके जीवन के सबसे बड़े अवसरों में एक है, जब अयोध्या आकार अपनी कला का प्रदर्शन करने का मौका मिला। 
  • राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले चंडीगढ़ में 150 क्विंटल लड्डू बनाने की तैयारी चल रही है।
  • प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले नागपुर में स्कूली छात्रों ने श्री राम भजनों पर नृत्य किया।
  • 1265 किलो लड्डू प्रसाद हैदराबाद से कारसेवकपुरम पहुंचा। इन लड्डुओं को तैयार करने वाले श्री राम कैटरिंग सर्विसेज के एन नागभूषणम रेड्डी कहते हैं कि भगवान ने मेरे व्यवसाय और मेरे परिवार को आशीर्वाद दिया है। मैंने जीवित रहने तक प्रत्येक दिन के लिए 1 किलो लडडू तैयार करने का संकल्प लिया था।
अयोध्या में बना भव्य राम मंदिर लाइटों और फूलों से सजाया गया।

पीएम मोदी ने मैथिली ठाकुर की भजन को किया शेयर
प्राण प्रतिष्ठा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 दिनों के अनुष्ठान पर हैं। शनिवार को उन्होंने बिहार की गायिका मैथिली ठाकुर के राम भजन को एक्स पर शेयर किया। उन्होंने लिखा कि अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा का अवसर देशभर के मेरे परिवारजनों को प्रभु श्री राम के जीवन और आदर्शों से जुड़े एक-एक प्रसंग का स्मरण करा रहा है। ऐसा ही एक भावुक प्रसंग शबरी से जुड़ा है। सुनिए, मैथिली ठाकुर जी ने किस तरह से इसे अपने सुमधुर सुरों में पिरोया है। 

शुक्रवार को हुए अनुष्ठान की 4 फोटो देखिए...

अरणी मंथन कर अग्नि को प्रकट किया गया। अरणी मंथन का काम मुख्य यजमान डॉक्टर अनिल मिश्रा की पत्नी ने किया।
भगवान रामलला प्राण-प्रतिष्ठा के लिए द्वारपाल, ग्रहों की पूजा करते मुख्य यजमान डॉक्टर अनिल मिश्रा।
मुख्य यजमान डॉक्टर अनिल मिश्रा और उनकी पत्नी ने यज्ञ हवन किया।
हवन पूजन के बाद पूर्ण आहूति डालते मुख्य यजमान डॉक्टर अनिल मिश्रा और अन्य लोग।

मेहंदीपुर बालाजी मंदिर ने रामलला को भेजे 1 लाख 51 हजार लड्डू डिब्बे
श्री मेहंदीपुर बालाजी मंदिर न्यास ने प्राण-प्रतिष्ठा के शुभ मौके पर रामलला को एक लाख 51 हजार लड्डू के डिब्बे भेंट किए हैं। एक डिब्बे में 2 लड्डू हैं। जिनका वजन 500 ग्राम है। इसके अलावा न्यास ने 2 हजार कंबल और एक लाख रामनामी पटके भेजे हैं। इससे पहले भी 5 हजार कंबल भेजे थे। राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपनी कृतज्ञता प्रकट की है। 

आज होंगे यह अनुष्ठान
आज शनिवार को प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान में नित्य पूजन, हवन और पारायण आदि कार्य संपन्न होंगे। सुबह शर्कराधिवास, फलाधिवास, प्रासाद का 81 कलशों में स्थित विविध औषधियुक्त जल से स्नपन कराया जाएगा। इसके साथ प्रसाद का अधिवासन, पिंडिका अधिवासन, पुष्पाधिवास होगा। शाम में पूजन और आरती के बाद अनुष्ठान संपन्न होंगे। 

इससे पहले शुक्रवार को श्री रामजन्मभूमि अरणी से अग्नि को प्रकट की गई। यह काम मुख्य यजमान डॉक्टर अनिल मिश्रा की पत्नी ने किया। अग्नि की नवकुंडों में स्थापना हुई। हवन में तमाम लोग शामिल हुए। इस दौरान वेदपारायण, रामायणपारायण सुश्राव्य हुआ। मंडप में राजा श्री राम‌भद्र की रचना अत्यंत आकर्षक थी। उसमें सपरिवार रामजी की स्थापना एवं पूजा हुई। सायं पूजन एवं दिव्य आरती हुई।

यहां देखिए LIVE अनुष्ठान

Full View

Tags:    

Similar News