'VIP लोगों को ज्यादा दर्द होता है' : दंत विज्ञानी ने कहा, फिर हथौड़े ने उखाड़ दिया शिक्षिका का जबड़ा 

दांत में दर्द होने पर अस्पताल पहुंची एक शिक्षिका का दंत विज्ञानी डॉक्टर ने दांत के साथ महिला का दाहिना जबड़ा ही उखाड़ दिया। 

Updated On 2024-03-15 22:37:00 IST
UP Basti News

उत्तरप्रदेश के बस्ती जिले में दांत के डॉक्टर ने शिक्षिका के दांत के साथ जबड़ा भी उखाड़ दिया। सरकारी अस्पताल के डॉक्टर पर बड़ी लापरवाही करने का आरोप लगा है। बताया गया कि डॉक्टर ने दांत निकालने की प्रक्रिया में महिला शिक्षिका का जबड़ा ही जड़ों से हिला दिया। इस बात की पुष्टि पीड़िता महिला द्वारा कराए गए एक्स-रे से हुई। वाल्टरगंज थाना के भरौली बाबू की रहने वाली प्रियंका सिंह ने एसपी समेत सीएमओ से कार्रवाई की मांग की है। दांत में दर्द होने पर शिक्षिका प्रियंका सिंह 11 मार्च को जिला अस्पताल पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि डॉ उपासना ने खुद इलाज न कर दंत विज्ञानी डॉ. सौरभ मिश्रा से दांत उखड़वा दिया। 

सरकारी अस्पताल में बरती घोर लापरवाही
महिला मरीज ने हथौड़े का प्रयोग करने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि दर्द ज्यादा हो रहा है। डॉ सौरभ मिश्रा ने कहा कि वीआईपी को ज्यादा दर्द होता है, तंज कसते हुए डॉक्टर तेजी से हथौड़ा चलाने लगा। महिला मरीज के मुताबिक, हथौड़े के वार से दाहिना जबड़ा टूट गया। उन्होंने बताया कि डॉक्टर ने गुमराह किया। अगले दिन तेज दर्द और सूजन के कारण अस्पताल पहुंचीं। एक्स-रे से पता चला कि जबड़ा टूट गया है। दोबारा डॉक्टर के पास जाकर दिखाया तो उन्होंने कहा कि ये केस मेरे बस का नहीं है, आप प्राइवेट में दिखा लीजिए। 

पीड़िता ने बताया कि डॉक्टर के घोर लापरवाही बरतने से मुझे शारीरिक मानसिक और आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है। महिला ने एसपी और सीएमओ को कार्रवाई के लिए लिखित तहरीर दी है। सीएमओ आरएस दुबे ने बताया कि शिकायत सामने आई है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी। 

Similar News