भोपाल: 'ठेका प्रथा बंद हो, मजदूर–कंपनी का सीधा रिश्ता लागू हो...' भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र नामदेव की सरकार से मांग
भोपाल में भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र नामदेव ने सरकार से ठेका प्रथा समाप्त करने और मजदूर–कंपनी का सीधा संबंध लागू करने की मांग की।
Rajendra Namdev
भोपाल। मध्य प्रदेश में मजदूरों और संविदा कर्मचारियों से जुड़ा मुद्दा एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश शासन के पूर्व राज्यमंत्री राजेंद्र नामदेव ने भोपाल से पूरे प्रदेश को संबोधित करते हुए ठेका प्रथा को तुरंत खत्म करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब सरकार को मजदूरों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए ठेका प्रणाली पर स्थायी रोक लगानी चाहिए।
राजेंद्र नामदेव ने आरोप लगाया कि ठेका प्रथा ने वर्षों से मेहनतकश मजदूरों और युवाओं के सपनों को तोड़ा है। उन्होंने कहा कि एक जैसा काम और एक जैसी जिम्मेदारी के बावजूद ठेका कर्मचारियों को आधा वेतन और सीमित अधिकार मिलता है, जो किसी भी तरह से न्यायसंगत नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश के लाखों परिवार असुरक्षा और अनिश्चितता के बीच जीवन जीने को मजबूर हैं, क्योंकि न नौकरी स्थिर है और न ही भविष्य की कोई गारंटी। युवाओं को लंबे समय से संविदा और ठेका व्यवस्था में बांधा गया है, जबकि उनका मूल अधिकार है - सम्मानजनक वेतन और स्थायी नियुक्ति।
नामदेव ने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी दल या किसी सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भोपाल से उठी यह आवाज पूरे प्रदेश की है, और स्थायी कार्य के लिए स्थायी भर्ती ही समाधान है। यदि सरकार ने जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया तो मजदूर हित में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
राजेंद्र नामदेव द्वारा रखी गई प्रमुख मांगें:
- मजदूर और कंपनी के बीच सीधा संबंध लागू किया जाए।
- ठेका और आउटसोर्स प्रथा को प्रदेश में पूर्णतः समाप्त किया जाए।
- सभी ठेका/आउटसोर्स कर्मियों को विभागीय रोल में लेकर नियमित नियुक्ति दी जाए।
- समान कार्य के लिए समान वेतन की नीति तत्काल लागू हो।
- मजदूरों की सुरक्षा और स्थायी भविष्य को शासन की प्राथमिकता बनाया जाए।
अंत में उन्होंने कहा कि जब तक ठेका प्रथा खत्म नहीं होती, तब तक प्रदेश का युवा शांत नहीं बैठेगा और संगठन मजदूर हित में लगातार आवाज उठाता रहेगा।