Railway Budget: रेल बजट में मध्य प्रदेश को मिला 14,738 करोड़ रूपये का बजट; 100 प्रतिशत रेल लाइनों को विद्युतीकरण पूरा

Railway Budget Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश को 2024-25 के बजट में 14,738 करोड़ रूपए आवंटन किया गया है जो अभी तक का सर्वाधिक बजट आवंटन है। मध्य प्रदेश में रेल कार्य बहुत तेजी से हो रहे हैं।

Updated On 2024-07-24 20:55:00 IST
Railway Budget Madhya Pradesh

Railway Budget Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश को 2024-25 के बजट में 14,738 करोड़ रूपए आवंटन किया गया है जो अभी तक का सर्वाधिक बजट आवंटन है। मध्य प्रदेश में रेल कार्य बहुत तेजी से हो रहे हैं। मध्य प्रदेश में 81 हजार करोड़ रूपए के निवेश प्रोजेक्ट्स पर कार्य चल रहा है।

सेफ्टी, कवच, इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं यात्री सुविधाओं पर विशेष फोकस 
केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 23.07.2024 को प्रस्तुत बजट में भारतीय रेलवे के लिए किए गए प्रावधानों पर वीडियों कान्फ्रेंसिंग से चर्चा करते हुए बताया कि विगत 10 वर्षों में रेलवे के विकास के लिए रणनीति में बदलाव कर अधिकाधिक निवेश पर बल दिया गया है। जिससे रेलवे पर संरक्षा, इन्फ्रास्ट्रक्चर का विस्तार, आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।

रेलवे को मिला 2.62 लाख करोड़ का बजट
2024-25 में रेलवे को 2,62,200 करोड़ रूपए के बजट का प्रावधान किया गया है। ये अभी तक का सर्वाधिक है। रेलवे में संरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए इस बजट में 108 हजार करोड़ करोड़ रूपए का आंवटन किया गया है। रेल मंत्री ने संरक्षा को रेलवे का महत्वपूर्ण विषय बताते हुए कहा कि गत वर्ष भारतीय रेलवे पर सरंक्षा सम्बंधित मदों पर 98 हजार करोड़ रूपए का व्यय किया गया है।

मध्य प्रदेश को मिला 14,738 करोड़  रूपये का बजट
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने मध्य प्रदेश के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि मध्य प्रदेश राज्य देश का हृदय प्रदेश है। वर्ष 2009-14 तक मध्य प्रदेश को औसत बजट मात्र 632 करोड़ रूपए प्रतिवर्ष मिलता था। जिसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2024-25 के बजट में 14,738 करोड़ रूपए आवंटन किया गया है। 

अमृत स्टेशन योजना के तहत 80 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकसित
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मध्य प्रदेश में रेल कार्य बहुत तेजी से हो रहे हैं। मध्य प्रदेश में 81 हजार करोड़ रूपए के निवेश प्रोजेक्ट्स पर कार्य चल रहा है। मध्य प्रदेश में 100 प्रतिशत रेल लाइनों को विद्युतीकरण हो गया है। 80 रेलवे स्टेशनों को अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किया जा रहा है। मध्य प्रदेश में रेलवे ट्रैक पर 1062 फ्लाईओवर और रोड़ अण्डर ब्रिज का निर्माण किया गया है। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने मध्य प्रदेश में रेल परियोजनाओं को पर्याप्त बजट के माध्यम से लक्षित समय में पूरा करने की बात कही।

इन्फ्रास्ट्रक्चर कार्यों के लिए पर्याप्त बजट
रेल मंत्री के रेलवे बजट प्रेस कॉन्फ्रेंस में पश्चिम मध्य रेल की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय और अपर महाप्रबंधक आर. एस. सक्सेना भी मुख्यालय सभागार में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल जुड़े। महाप्रबंधक बंदोपाध्याय ने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर कार्यों के लिए पर्याप्त बजट प्रदान किया गया है, एवं समस्त कार्यो को तीव्र गति से पूर्ण किया जा रहा है।

Similar News