ग्वालियर में दर्दनाक मौत: घर के बाहर धूप में बैठे बुजुर्ग को सांड ने सींग से 5 फीट तक उछाला, जमीन पर सिर के बल गिरे, मौत

मध्यप्रदेश के ग्वालियर में दर्दनाक मामला सामने आया है। घर के बाहर धूप सेंक रहे बुजुर्ग को सांड ने सींग से हवा में 5 फीट तक उछाल दिया। सिर के बल जमीन पर गिरे और मौत हो गई। घटना के बाद नगर निगम ने सांड को पकड़ लिया है।

Updated On 2024-02-16 14:03:00 IST
घटना के बाद नगर निगम ने आतंक मचा रहे आवारा सांड को पकड़ लिया है।

भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में धूप सेंक कर घर जा रहे बुजुर्ग पर सांड ने हमला कर दिया। सांड ने पीछे से बुजुर्ग को पांच फीट तक उछालकर जमीन पर पटक दिया। सिर के बल नीचे गिरने से बुजुर्ग गंभीर घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नगर निगम ने आवारा सांड को पकड़ लिया है। बता दें कि पहले भी ग्वालियर में सांड के हमले से कई लोगों की जान जा चुकी है। लेकिन नगर निगम के अफसर नींद से नहीं जागे। 

सांड ने अन्य लोगों पर भी हमले की कोशिश 
जानकारी के मुताबिक, पहाड़िया में रहने वाले 63 वर्षीय मुंशी सिंह कुशवाह घर से कुछ दूर धूप सेंकने आए थे। इसके बाद वे घर लौटने लगे। गोल पहाड़िया इलाके में वे लाठी के सहारे घर की ओर बढ़ रहे थे, तभी पीछे से आए सांड ने हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सांड ने मौके पर मौजूद दूसरे लोगों पर भी हमले की कोशिश की। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि सांड आक्रामक है। सांड को पकड़ लिया है। 

पहले भी सांड के हमले से कई लोगों की हुई मौत 
सांड के हमले की शहर में पहली घटना नहीं है। पहले भी सांड लोगों पर हमला कर चुके हैं। हाल ही में शिंदे की छावनी में दो सांड लड़ रहे थे। छात्रा ने स्कूटी रोक ली। एक सांड ने उस पर हमला कर दिया। छात्रा की मौत हो गई थी। मई 2022 में बहोड़ापुर स्थित सागर ताल क्षेत्र में रहने वाली 70 साल की बिल्लो यादव दर्शन करने अचलेश्वर मंदिर आई थीं। सांड ने उन्हें उठाकर पटक दिया था। उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पूर्व पार्षद जगदीश पटेल भी सांड के हमले से घायल हो गए थे। उनके पैर की हड्डी टूट गई थी। राम मंदिर के पास एक किशोर को सांड ने पटक दिया था। बाद में किशोर की मौत हो गई थी। नौगांव क्षेत्र के 80 साल के धवलू बघेल की मौत हो गई थी।

Similar News