MP Weather Update: घना कोहरा बना मुसीबत, 22 जिलों में अलर्ट; 50 मीटर तक सिमटी विजिबिलिटी

प्रदेश में पचमढ़ी और राजगढ़ सबसे ठंडे रहे, जहां तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बैतूल में 5.8, उमरिया में 7, रीवा में 7.5, रायसेन में 7.6 और खजुराहो में 8.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

Updated On 2025-12-16 09:05:00 IST

हरियाणा में छाया सीजन का पहला घना कोहरा। 

मध्यप्रदेश में तेज ठंड और शीतलहर के बीच अब घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। प्रदेश के करीब आधे हिस्से में कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए 22 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 12 जिलों में हालात ज्यादा गंभीर रहने वाले हैं, जहां विजिबिलिटी सिर्फ 50 मीटर तक सिमट सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज और सीधी जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में सुबह के समय वाहन चलाना बेहद जोखिम भरा हो सकता है।

वहीं, भोपाल, विदिशा, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल और सिंगरौली में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां कोहरे के कारण 1 से 2 किलोमीटर तक ही दृश्यता रहने का अनुमान है।

सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। रीवा, मुरैना और रायसेन में हालात इतने खराब थे कि 50 मीटर के बाद कुछ भी नजर नहीं आ रहा था। राजधानी भोपाल में सुबह 500 से 1000 मीटर तक विजिबिलिटी दर्ज की गई, जबकि दोपहर तक भी कोहरा पूरी तरह नहीं छंट पाया।

इस सीजन की यह पहली सुबह रही, जब प्रदेश में इतना घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार, रीवा में कोहरे का सबसे ज्यादा असर रहा। खजुराहो में विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर, भोपाल, ग्वालियर, दतिया और सीधी में 500 से 1000 मीटर रही। इंदौर, नर्मदापुरम, सागर, रतलाम, दमोह और मंडला में 1 से 2 हजार मीटर तक दृश्यता दर्ज की गई।

कोहरे के साथ-साथ तापमान में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। सोमवार रात भोपाल में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री, इंदौर में 6.6 डिग्री, ग्वालियर में 9.1 डिग्री, उज्जैन में 9.3 डिग्री और जबलपुर में 9.4 डिग्री दर्ज किया गया।

प्रदेश में पचमढ़ी और राजगढ़ सबसे ठंडे रहे, जहां तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बैतूल में 5.8, उमरिया में 7, रीवा में 7.5, रायसेन में 7.6 और खजुराहो में 8.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और जरूरत न हो तो यात्रा टालने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में कोहरा और ठंड दोनों का असर जारी रहने की संभावना है।

Tags:    

Similar News