भाईदूज पर सीएम ने दिया तोहफा: 1.26 करोड़ बहनों के खातों में ₹250 की किस्त ट्रांसफर, अब हर महीने मिलेंगे ₹1500

CM Mohan Yadav Bhai Dooj 2025: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने भाईदूज पर 1.26 करोड़ बहनों के खातों में ₹250 की किस्त जारी की। अब नवंबर से हर महीने ₹1500 मिलेंगे। लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक ₹44,917 करोड़ ट्रांसफर।

Updated On 2025-10-23 14:43:00 IST

भोपाल। भाईदूज (यम द्वितीया) के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख लाड़ली बहनों को बड़ा उपहार दिया। उन्होंने बहनों के बैंक खातों में ₹250 की किस्त ट्रांसफर की और कहा, “1.26 करोड़ बहनों का भाई होना मामूली बात नहीं है। अब से हर महीने ₹1500 बहनों को मिलेंगे।”

मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मंत्री निर्मला भूरिया, कृष्णा गौर, राकेश शुक्ला, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी, विष्णु खत्री, महापौर मालती राय और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी भी मौजूद रहे।

सीएम बोले – ‘बहनें दो परिवारों की रीढ़ होती हैं’

मुख्यमंत्री ने यमराज और यमुना की कथा सुनाते हुए कहा कि “बहनें मायका और ससुराल दोनों परिवारों की जिम्मेदारी संभालती हैं। उन्हें ही जगदंबा, लक्ष्मी और सरस्वती कहा गया है क्योंकि वे हर कठिन समय में चट्टान की तरह खड़ी रहती हैं।” उन्होंने कहा कि मंच पर मौजूद बहनों की यह संख्या 2029 तक और बढ़ेगी, क्योंकि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।

सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “यह दुर्भाग्य है कि कांग्रेस ने बहनों के हित में ऐसी कोई योजना शुरू नहीं की। लोकतंत्र तब मजबूत होता है जब भाई और बहन का रिश्ता मजबूत होता है।”

अब हर महीने ₹1500 मिलेंगे 

अब तक लाड़ली बहना योजना के तहत ₹44,917.92 करोड़ रुपए बहनों के खातों में सीधे ट्रांसफर किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि नवंबर से बहनों के खातों में ₹1500 एक साथ जमा होंगे, जिस पर ₹300 करोड़ से अधिक खर्च आएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।

सीएम ने दिया भावनात्मक संदेश

भाईदूज के मौके पर मुख्यमंत्री ने बहनों के नाम संदेश जारी करते हुए कहा,“भाईदूज का पर्व प्रेम, स्नेह और जिम्मेदारी का प्रतीक है। जिस तरह भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी बहन सुभद्रा की हर परिस्थिति में रक्षा की, उसी भावना से हमारी सरकार भी हर लाड़ली बहना के सुख, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की साथी है।”उन्होंने कहा कि भाई का स्नेह केवल वचन नहीं, कर्म से निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है।

Full View

Tags:    

Similar News