कैप्टन अभिमन्यु की माता को दी श्रद्धांजलि: छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव बोले- माता परमेश्वरी देवी के दिए संस्कारों से सिन्धु परिवार जनकल्याण में आगे बढ़ रहा
हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की माता परमेश्वरी देवी जी को श्रद्धांजलि देने के लिए रोहतक स्थित उनके आवास पर दिनभर गणमान्य लोगों का आवागमन रहा। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने इसे समाज के लिए अपूर्णीय क्षति बताया।
कैप्टन अभिमन्यु की माता को दी श्रद्धांजलि : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैप्टन अभिमन्यु की माता परमेश्वरी देवी जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री सहाय बुधवार को कैप्टन अभिमन्यु के रोहतक स्थित सिन्धु आवास पर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत परमेश्वरी देवी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि माता परमेश्वरी देवी जी के दिए संस्कारों की वजह से ही सिन्धु परिवार जन कल्याण के कार्यों में लगा हुआ है। स्व. मित्रसेन सिन्धु और माता परमेश्वरी देवी जी ने पूरा जीवन समाज के कल्याण के कार्य किए, जिन्हें कभी भी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि ईश्वर माता परमेश्वरी देवी को अपने श्री चरणों में स्थान दें।
इन गणमान्य हस्तियों ने भी दी श्रद्धांजलि
इसके अलावा पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालयान, पूर्व मंत्री संपत्त सिंह, पूर्व मंत्री जगदीश नायर, विधायक उमेद पातुवास, विधायक मुकेश पहलवान, राज्यसभा सांसद किरण चौधरी, पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली, विधायक राई कृष्णा गहलौत, पूर्व सांसद राजस्थान ज्योति मिर्धा, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, नेता प्रतिपक्ष छत्तीसगढ़ चरण दास महंत, विधायक छतीसगढ़ रिकेश सेन, पूर्व विधायक सरदार निशान सिंह, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, पूर्व विधायक जोगीराम सिहाग, पूर्व विधायक प्रवीन डागर, विधायक असंध योगेंद्र राणा, विधायक कैथल आदित्य सुरजेवाला, विधायक मंजीत चौधरी राजस्थान, आईएएस किरण कौशल छत्तीसगढ़ भी माता परमेश्वरी देवी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने शोक प्रकट किया
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने हरियाणा के पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की माता परमेश्वरी देवी जी के निधन पर शोक प्रकट किया तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने सिन्धु भवन पहुंचकर दिवंगत परमेश्वरी देवी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। विधानसभा अध्यक्ष हरियाणा हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि माता जी एक बहुत धनी व्यक्तित्व की मालिक थीं, जिनके दिए संस्कारों से कैप्टन अभिमन्यु ने समाज में एक बड़ा स्थान हासिल किया है तथा राजनीतिक क्षेत्र में एक बड़ा नाम कमाया है। माता जी को मेरे व मेरे परिवार की ओर से भावपूर्ण व विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। प्रभु उनको अपने श्री चरणों में स्थान दें।
स्वास्थ्य मंत्री ने परिवार की एकजुटता को बताया सबसे बड़ी देन
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु की माता दिवंगत परमेश्वरी देवी जी के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया तथा सिन्धु भवन पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। आरती सिंह राव ने कहा कि परमेश्वरी देवी जी की सबसे बड़ी देन यही है कि उनके परिवार में 90 से अधिक सदस्य होने के बावजूद सिन्धु परिवार एक छत के नीचे रह रहा है तथा परिवार की सांझा रसोई चल रही है। दिवंगत परमेश्वरी देवी ने अपने परिवार को अच्छे संस्कार दिए। आज भी यह परिवार संयुक्त परिवार के रूप में एकजुटता से रह रहा है। यह इस परिवार की बहुत बड़ी विरासत है। उन्होंने आशा व्यक्त की सिंधु परिवार भविष्य में भी इस विरासत को कायम रखेगा।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया अपूर्णीय क्षति
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने माता परमेश्वरी देवी जी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि माता जी का स्वभाव बहुत सरल था। उनका जीवन सादगी से भरा रहा। उन्होंने सिन्धु परिवार को बहुत ही अच्छे संस्कार दिए। उनके जाने से समाज को जो क्षति हुई है, उसकी भरपाई नहीं हो सकती। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि माता परमेश्वरी देवी जी जैसे महान व्यक्तित्व कभी कभी ही दुनिया में आते हैं। उन्होंने अपना पूरा जीवन जनकल्याण को समर्पित कर समाज को नई राह दिखाई। उनके दिए संस्कारों की वजह से परिवार ने तरक्की की है। उनके जाने की भरपाई कभी नहीं हो सकती। पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि माता परमेश्वरी देवी और स्व. मित्रसेन सिन्धु जी ने जीवन भर मेहनत करके परिवार को आगे बढ़ाया। उन्होंने अपने परिवार को अच्छे कर्मों पर चलने के लिए प्रेरित किया और अच्छे संस्कार दिए। उनकी प्रार्थना है ईश्वर माता जी को अपने श्री चरणों में स्थान दें। बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने कहा कि माता परमेश्वरी देवी जी ने अपना जीवन बहुत ही सादगी से बिताया। उनके दिए संस्कार की झलक परिवार में दिखाई देती है। वे माता जी को श्रद्धांजलि देते हैं और प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर माता जी को अपने श्री चरणों में स्थान दें। बबीता फौगाट ने कहा कि माता परमेश्वरी देवी जी ने पूरे परिवार को संजोकर रखा। यह पूरे समाज के लिए बहुत ही बेहतरीन उदाहरण है।