नौकरी के लिए दिया फर्जी प्रमाण पत्र: SSC परीक्षा में सिलेक्शन के लिए कागजों में बने दिव्यांग, 13 पर FIR, 8 हरियाणा के

चंडीगढ़ में सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए 13 युवा फर्जी दिव्यांग बन गए। प्रमाण पत्रों की जांच में फर्जीवाड़ा पकड़ा गया तो 13 पर एफआईआर हुई। इनमें से 8 हरियाणा के हैं।

Updated On 2025-06-26 15:11:00 IST

प्रतीकात्मक फोटो

नौकरी के लिए दिया फर्जी प्रमाण पत्र : चंडीगढ़ में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की परीक्षा में फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र लगाकर सरकारी नौकरी हासिल करने की कोशिश करने वाले 13 उम्मीदवारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला हाईकोर्ट के आदेश पर सामने आया है, जिसमें आरोपी युवाओं में से 8 हरियाणा से हैं।

तीन साल के लिए किया डिबार

पुलिस को यह शिकायत कर्मचारी चयन आयोग (उत्तर पश्चिमी क्षेत्र), चंडीगढ़ के अंडर सेक्रेटरी धीरज कुमार रंजन ने दी थी। शिकायत में कहा गया है कि संयुक्त स्नातक स्तर (CGL) परीक्षा-2024 में कुछ उम्मीदवारों ने RPwD श्रेणी में आवेदन कर फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र जमा किए थे। जब दस्तावेजों की जांच हुई तो पता चला कि प्रमाण पत्र हरियाणा के जींद और यूपी के फतेहपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी-सह-सिविल सर्जन के कार्यालय से बताए गए थे, लेकिन आवेदक वहां के निवासी ही नहीं थे। इस फर्जीवाड़े का पता चलने पर SSC ने 28 जनवरी 2025 को संबंधित 6 उम्मीदवारों साहिल, सूरज, विजय कुमार, देवेंद्र मोर, अर्जुन और प्रवीण को 3 साल के लिए डिबार कर दिया।

हाईकोर्ट ने संज्ञान लेते हुए दिए थे FIR के आदेश

हाईकोर्ट ने इस पूरे प्रकरण में संज्ञान लेते हुए 11 मार्च 2025 को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। अब थाना सेक्टर-3, चंडीगढ़ में 25 जून 2025 को एफआईआर संख्या 55 के तहत भारतीय दंड संहिता की धाराएं 420 (धोखाधड़ी), 511 (अपराध की कोशिश), 465 (जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के इरादे से जालसाजी) और 471 (फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल) में मामला दर्ज किया गया है।

इनके खिलाफ FIR दर्ज हुई

निशु – चिड़ी, रोहतक (हरियाणा)

सतनाम – राम नगर, रोहतक (हरियाणा)

साहिल – बरोदा, सोनीपत (हरियाणा)

विजय कुमार – बरोदा, सोनीपत (हरियाणा)

देवेंद्र मोर – बरोदा, सोनीपत (हरियाणा)

सूरज – पट्टी अफगान, कैथल (हरियाणा)

रेणु देवी – सिरसा सिटी (हरियाणा)

सितु – भैणी ठकुरान, भिवानी (हरियाणा)

चौधरी शिव कुमार – लांभा, अहमदाबाद (गुजरात)

परवीन – मॉडल टाउन, दिल्ली

अर्जुन – हनुमानगंज, वाराणसी (उत्तर प्रदेश)

निरंजन कुमार – कन्हौली, पटना (बिहार)

इंदरजीत – हीरामनपुर, बिहटा, पटना (बिहार)

Tags:    

Similar News