प्रेम प्रसंग में गोलीबारी: पूर्व प्रेमिका के परिजनों ने युवक को मारी गोली, पुलिस ने किया एनकाउंटर

हरियाणा के पलवल में पूर्व प्रेमिका के परिजनों ने युवक को घर में घुसकर गोली मार दी। उसकी मां को भी घायल कर दिया। पुलिस ने एनकाउंटर कर एक आरोपी को दबोच लिया। जानें क्या है पूरा मामला।

Updated On 2025-09-05 22:20:00 IST
पलवल में घर में घुसे नकाबपोश हमलावर व घायल महिला। 

प्रेम प्रसंग में गोलीबारी : हरियाणा के पलवल जिले के अलावलपुर गांव में गुरुवार देर रात हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक युवक पर उसकी पूर्व प्रेमिका के परिजनों ने हमला कर दिया। आरोपी घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और छत पर सो रहे युवक पर गोली चला दी। घटना के दौरान युवक की मां को भी चोटें आईं। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, शुक्रवार को पुलिस और आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगने के बाद दबोच लिया गया।

आधी रात को टूटा सन्नाटा

पीड़ित युवक कुशल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गुरुवार रात करीब 11:45 बजे अपने मकान की छत पर सो रहा था। अचानक दरवाजा तोड़ने की आवाज सुनाई दी। जब वह उठा तो देखा कि दो नकाबपोश युवक हथियार लेकर उसके सामने खड़े थे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। कुशल का कहना है कि निशाना उसकी छाती पर था, लेकिन खड़े होने के कारण गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद आरोपियों ने उसे धक्का देकर छत से नीचे गिरा दिया। शोर सुनकर उसकी मां और बहन बाहर आईं और बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, मगर वे तीसरे साथी की मदद से स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गए। जाने से पहले मां को भी हमला कर घायल कर दिया।

प्रेम संबंध में तनाव से बढ़ा विवाद

कुशल ने पुलिस को बताया कि कुछ साल पहले उसकी जान-पहचान सीकरी गांव में रहने वाली एक युवती से हुई थी। दोनों के बीच करीब एक साल तक दोस्ती रही और मुलाकातें भी होती रहीं। लेकिन केवल पांच महीने साथ रहने के दौरान ही उनके रिश्ते में तनाव शुरू हो गया। कुशल का आरोप है कि युवती उसके घर से नकदी और गहने लेकर चली गई थी। इसके बाद युवती और उसका परिवार लगातार उसे फोन पर धमकियां दे रहा था। पीड़ित ने यह भी कहा कि युवती ने पहले पुलिस में शिकायत की थी कि उसका परिवार उस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश कर रहा है। इसके अगले दिन उसने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया और कुशल पर जलाने का आरोप लगाया। इन घटनाओं के बाद दोनों परिवारों के बीच गहरी खाई पैदा हो गई।

आठ लोगों पर केस दर्ज

घटना के बाद कुशल ने युवती समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में युवती का भाई ललित, रिश्तेदार अमित, दिनेश, पारस और प्रकांत सहित अन्य लोग शामिल हैं। कुशल का कहना है कि पिछले छह महीने से वह मानसिक उत्पीड़न झेल रहा है।

मुठभेड़ में धर दबोचा आरोपी

घटना के बाद सीआईए होडल प्रभारी जगमिंदर को सूचना मिली कि गोलीकांड में शामिल कौंडल निवासी आरोपी रविंद्र उर्फ भोला अवैध हथियार सहित नई अनाज मंडी गेट, होडल फ्लाईओवर के पास मौजूद है। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जैसे ही आरोपी ने पुलिस की गाड़ी देखी, वह भागने लगा और अपनी जेब से पिस्तौल निकाल ली। पुलिस ने उसे रुकने को कहा, लेकिन उसने उल्टा पुलिस पर सीधा फायर झोंक दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में हवाई फायर किया, मगर आरोपी लगातार गोलियां चलाता रहा। इसके बाद पुलिस ने दो फायर किए, जिनमें से एक गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी और वह जमीन पर गिर गया। उसे तुरंत काबू में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अन्य फरार आरोपियों की तलाश

एसपी पलवल ने बताया कि फिलहाल घायल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उससे बरामद पिस्तौल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच करवाई जाएगी। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय मुखबिरों की मदद से जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
Tags:    

Similar News

हिसार में टोल के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा: 16 गांवों के लोगों ने बास टोल कराया फ्री, पुलिस ने संभाला मोर्चा

हरियाणा में घर खरीदने का सुनहरा मौका: HSVP बेचेगा 2000 से अधिक प्रॉपर्टी, जानें ई-नीलामी का पूरा शेड्यूल

हरियाणा में स्मार्ट मीटर से मिलेगी बिजली: प्रदेशभर में बदली जाएगी व्यवस्था, प्रीपेड और पोस्टपेड का ऑप्शन मिलेगा

भिवानी कोर्ट परिसर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा: गैंगवार में अंधाधुंध फायरिंग, पुलिस एनकाउंटर में 8 आरोपी गिरफ्तार