रेवाड़ी में दंपत्ति ने लगाई फांसी: 5 साल पहले किया था प्रेम विवाह, आखिरी गुड नाइट लिखा

मध्यप्रदेश निवासी पांच साल पहले प्रेम विवाह करने वाले दंपत्ति ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। सुसाइड से पहले युवक ने इंस्टा पर अखिरी गुड नाइट लिखा। अभी कारणों का पता नहीं चला है।

Updated On 2025-11-15 21:58:00 IST

सुसाइड करने वाले दंपत्ति का फाइल फोटो। 

हरियाणा में रेवाड़ी के धारूहेड़ा में एक पति-पत्नी ने कमरो अंदर से बंद कर एक ही फंदे पर फांसी लगाकर जान दे दी। मूलरूप से एमपी में निवासी राजकुमार ने 2020 में हाली के साथ प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों काम की तलाश में धारूहेड़ा आए थे तथा राजकुमार गुरुग्राम के बिनौला की एक कंपनी में काम करता था। शनिवार को फांसी लगाने से पहले राजकुमार ने शुक्रवार को इंस्टा पर लिखा भाईयों सभी को आखिरी गुड नाइट। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सूचना के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सुबह नाश्ते के बाद कमरे में गया था राजकुमार

मध्यप्रदेश के बरपानी गांव निवासी महेंद्र ने बताया कि शुक्रवार रात 11 बजे राजकुमार व हाली किसी की मैरिज एनिवर्सरी पार्टी में गए थे और रात को करीब एक बजे वापस आए थे। शनिवार सुबह हम दोनों भाईयों ने एक साथ नाश्ता किया। नाश्ता करने के बाद राजकुमार अपने कमरे में चला गया। जब सुबह 10 बजे मैं राजकुमार को बुलाने गया तो कमरा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद खिड़की से झांककर देखा तो दोनों एकसाथ फांसी के फंदे पर लटकते मिले।

कंपनी में काम करते थे दोनों

महेंद्र ने बताया कि राजकुमार बिनौला की एक कंपनी में काम करता था। भाई व भाभी के फंदा लगाने के बाद जब उसने राजकुमार की इंस्टा आईडी देखी तो पता चला कि उसने पार्टी से आने के बाद इंस्टा पर एक स्टोरी लगाई थी। जिसमें लिखा था कि भाइयों सभी को आखिरी गुड नाइट। इससे पहले उसे कभी यह अहसास ही नहीं हुआ कि उनके मन में क्या चल रहा है। 2020 में प्रेम विवाह करने वाले राजकुमार व हाली को अभी तक कोई संतान नहीं थी। कयास लगाए जा रहे है कि शायद संतान नहीं होने से दोनों परेशान थे। इसी के चलते दोनों ने एक साथ फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।

डेडबॉडी मां-बाप आएं तो उन्हें देना, नहीं...

एचएचओ कश्मीर ने बताया कि पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें लिखा है कि हमारी डेडबॉडी हमारे मां-बाप आएं तो उनको दे देना, नहीं तो यहीं पर दाह संस्कार कर देना। हमारा सामान भाई को दे देना। सुसाइड नोट मिलने के बाद भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि आखिर दंपत्ति ने सुसाइड क्यों किया। अब पुलिस आत्महत्या करने के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेज दिया गया है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News