Mansa Devi Temple: पंचकूला में CM सैनी ने माता मनसा देवी मंदिर में किए दर्शन, GST सुधारों पर दी प्रतिक्रिया
Mansa Devi Temple Panchkula: सीएम नायब सिंह सैनी ने सोमवार को माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए GST पर भी प्रतिक्रिया दी।
सीएम नायब सिंह सैनी ने माता मनसा देवी मंदिर में किए दर्शन।
Mansa Devi Temple Panchkula: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार, 22 सितंबर को नवरात्रि के पहले दिन पंचकूला में स्थित शक्तिपीठ माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन किए। सीएम सैनी के साथ उनकी धर्मपत्नी सुमन सैनी भी मौजूद रहीं। सीएम सैनी ने पत्नी के साथ मंदिर प्रांगण की यज्ञशाला में भी पूजा अर्चना की।
माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन करने के बाद सीएम सैनी ने मीडिया से बात करते हुए पूरे देश को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह नवरात्रि सबके लिए काफी खास है। उन्होंने कहा कि हमें सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का GST पर लिए गए फैसले पर धन्यवाद ज्ञापित किया।
GST पर सीएम सैनी ने क्या कहा?
मीडिया से बात करते हुए सीएम सैनी ने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को GST सुधारों का ऐलान किया था। केवल एक महीने में उन्होंने इसे लागू कर दिया है, अब कई वस्तुओं पर GST जीरो कर दिया गया है।' सीएम ने आगे कहा कि खेती और कृषि क्षेत्र पर भी GST को कम किया गया है, जिससे हरियाणा के किसानों और उद्योगपतियों को सीधा फायदा मिलेगा।
'लोकल फॉर वोकल' नारा अपनाने पर जोर
सीएम सैनी ने कहा कि प्रदेश में धान की खरीद प्रक्रिया आज से ही शुरू हो रही है, इसके साथ ही GST की नई दरें भी लागू हो गई हैं। हमें प्रधानमंत्री मोदी के लोकल फॉर वोकल नारे को अपनाना होगा। हमें विदेशी वस्तुओं को छोड़कर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना चाहिए, ताकि भारत विकसित बन सके। बता दें कि नया गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST2.0) पूरे देश में लागू हो चुका है, जो आम नागरिकों को राहत देने की दिशा में सरकार का बड़ा कदम है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।