मौसम अलर्ट: परिवर्तनशील हुआ मौसम, गर्मी व हीट वेव से नहीं मिली राहत, तापमान में 2 डिग्री गिरावट 

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते परिवर्तनशील मौसम दिनभर करवट लेता रहा, लेकिन भीषण गर्मी तथा पूर्व की तरफ से चली गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को परेशान रखा।

Updated On 2024-06-05 22:21:00 IST
प्रतीकात्मक तस्वीर।

Haryana: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते परिवर्तनशील हुआ मौसम दिनभर करवट लेता रहा। बावजूद इसके भीषण गर्मी तथा पूर्व की तरफ से चली गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को परेशान रखा। दोपहर तक हवा के साथ धूल उड़ी। बाद में शाम को आंशिक बादलवाई भी आकाश में देखने को मिली। हालांकि बदलते मौसम के चलते अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है, जिसके चलते गरज चमक के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी के साथ धूल भरी हवा चलने की संभावना है। गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं है।

दो डिग्री लुढका तापमान, गर्मी तथा हीट वेव से नहीं मिली राहत

परिवर्तनशील हुए मौसम के कारण बुधवार को दिन का आगाज मौसम के गर्म मिजाज के साथ हुआ। दिन चढ़ने के साथ हवा गर्म तथा तेज हो गई, जिसके साथ धूल भी उड़ने लगी। दोपहर तक हवा की गति थोड़ी कम हुई तो हीट वेव मे तबदील हो गई। जिसका जनजीवन पर साफ असर देखने को मिला। सड़कों तथा बाजार में बहुत कम आवागमन देखने को मिला। लोग अपने घरों में दुबके रहे। शाम को आकाश में बादलवाई भी देखने को मिली। हालांकि तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, बावजूद इसके गर्मी तथा हीट वेव से कोई राहत नहीं मिली।

खेतों को करें तैयार, बीजी गई फसलों में रात को दें पानी

जेठ माह अच्छा खासा तप रहा है। गर्मी ने इस बार कोई कोर कसर नहीं छोड़ी हुई है। जून माह के अंत तक मानसून आने की संभावना है। पनीरी तैयार करने का अच्छा समय है। किसानों से जो फसले बीजी हुई हैं, उनमें शाम को सिंचाई करने का आह्वान किया। विशेषकर सब्जिया, जिनके गर्मी में झुलसने का खतरा बना रहता है। रात को सिंचाई कर फसलों को गर्मी तथा तापमान ज्यादा होने से झुलसने से बचाया जा सकता है। जिन किसानों ने धान की रोपाई या बिजाई करनी है, वे भी अपने खेतों को तैयार करना शुरू कर दें।

पश्चिमी विक्षोभ से मौसम बना परिवर्तनशील

मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजेश ने बताया कि मौसम परिवर्तशील बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में थोड़ा बहुत उतार चढ़ाव बना रहेगा। फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं है। आकाश में आंशिक बादलवाई भी देखने को मिलेगी। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। तेज हवा के साथ धूल भी उड़ सकती है। आमतौर पर मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

Similar News