Weather Alert: मौसम का मिजाज फिर होने लगा गर्म, 3 डिग्री तक बढ़ा तापमान

हरियाणा में सूरज की तपिश कम होने का नाम नहीं ले रही। आसमान में बादल छाने का सिलसिला जारी है, जो किसानों की चिंता बढ़ा रहा है। वहीं, गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ाए हुए है।

Updated On 2024-04-02 22:15:00 IST
एक खेत में फसल की कटाई करते हुए। 

Haryana: एक दिन सूरज की तपिश कम होने के बाद गर्मी के तेवर फिर तल्ख होने लगे हैं। आसमान में बादल छाने का सिलसिला जारी है, जो किसानों की चिंता बढ़ा रहा है। गर्मी ने पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए हैं। बादलों का दौर इस सप्ताह के अंत तक जारी रह सकता है। 4 अप्रैल से तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है, जिससे गर्मी लोगों को पसीने से तरबतर करने का काम कर सकती है। भीषण गर्मी का अहसास लोगों को अब होने लगेगा।

सुबह छाए बादल, फिर तेज धूप से निकाले पसीने

मंगलवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर तक बादल साफ होने के बाद तेज धूप ने गर्मी का असर बढ़ाना शुरू कर दिया। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 35 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के समय गर्मी का असर कम हो गया, जबकि दिन में गर्मी एक बार फिर से असर दिखाने लगी है। पंखे, कूलर और एसी चलने शुरू हो गए हैं, जिससे बिजली की खपत भी बढ़ने लगी है। तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली की मांग में वृद्धि दर्ज की जाएगी। इससे लोगों को पावर कटों का सामना भी करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 6 अप्रैल तक मौसम इसी तरह का बना रहने की संभावना है। आसमान में घने या आंशिक बादल छा सकते हैं। बीच-बीच में तज हवाओं के साथ बूंदाबांदी भी सकती है। दो दिन बाद तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। इससे गर्मी लोगों के पसीने छुड़ाने लगेगी।

फसल कटाई का कार्य पकड़ रहा जोर

इस समय गेहूं की कटाई का कार्य तेजी से चल रहा है। बीते सप्ताह कई गांवों में हुई ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हो चुका है। जिन क्षेत्रों में ओलावृष्टि नहीं हुई, उन क्षेत्रों के किसान जल्द फसल कटाई पर जोर दे रहे हैं। किसानों को आसमान में बादल छाते ही ओलावृष्टि की आशंका सताने लगती है। इस समय अगर ओलावृष्टि होती है, तो इससे गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। किसान अगेती फसल निकालकर मंडियों में पहुंचाने लगे हैं। जबकि पछेती फसल अभी पक कर तैयार नहीं हुई है।

Similar News