करोड़ों कमाने के चक्कर में गंवाए लाखों: सोशल मीडिया के जरिए ठगों के जाल में फंसा युवक
रेवाड़ी में एक युवक सोशल मीडिया से लिंक डाउनलोड कर शेयर मार्केट से करोड़ों रुपए कमाने के चक्कर में लाखों रुपए गंवा बैठा। साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
Rewari: सोशल मीडिया के जरिए शेयर ट्रेडिंग करने के लिए मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के बाद करोड़ों रुपए कमाने के चक्कर में एक कंपनी कर्मचारी 28 लाख से अधिक रकम गंवा बैठा। उसने मोटा पैसा कमाने के लिए अपने साथ-साथ अपनी पत्नी और मां के बैंक खाते भी खाली कर दिए। डायल-1930 नंबर पर दर्ज शिकायत के आधार पर साउथ रेंज साइबर थाना पुलिस ने ठगी का केस दर्ज करने के बाद उन खातों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए, जिनमें यह रकम ट्रांसफर हुई। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है पीड़ित /strong>
साइबर थाना पुलिस को दर्ज शिकायत में सरस्वती विहार निवासी अरविंद ने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। उसने अपने मोबाइल पर सोशल मीडिया साइट पर शेयर ट्रेडिंग की एड देखी थी। उस पर दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक व्हाट्स एप नंबर से जुड़ गया। उस नंबर पर चैट होने लगी। उसके बाद उसे एक ऐप का लिंक मिला था। उसने ऐप डाउनलोड कर ली। उसे ऐप पर यूनिक आईडी मिल गई। ऐप पर पैसे जमा कराने और निकासी के ऑप्शन थे। शुरू में उसने 50 हजार रुपए जमा करा दिए। दूसरी बार एक लाख व तीसरी बार 50 हजार रुपए जमा कराए तो उसके खाते में 12 लाख रुपए दिखाए गए। ऐप पर उसे 51200 शेयर मिले। इनमें प्रति शेयर की कीम 80 रुपए बताई गई।
शेयर खरीदने के लिए जमा करवाए 28 लाख रुपए
पीड़ित अरविंद ने बताया कि शेयर के लिए उसे 40.96 लाख रुपए जमा कराने थे। उसने अपनी पत्नी सुनीता के खाते से 10.02 लाख रुपए जमा करा दिए। उसने अपनी मां और पत्नी के खातों से बार-बार करके कुल 28.12 लाख रुपए जमा करा दिए। उसके खाते में ऐप पर 1.41 करोड़ रुपए दर्शाए गए। जब उसने विड्रा करने के लिए रिक्वेस्ट डाली, तो पैसे की निकासी नहीं हुई। व्हाट्स एप नंबरों पर संपर्क करने पर उससे पूरी रकम जमा कराने को कहा गया। इसके बाद उसे फ्रॉड होने का अहसास हो गया। उसने डायल-1930 पर इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी।