Haryana Lok Sabha Elections:  18 से 19 आयु वर्ग के 3 लाख 63 हजार 491 मतदाता पहली बार करेंगे मतदान 

लोकसभा चुनावों में 18 से 19 वर्ष के 3 लाख 63 हजार 491 मतदाता पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे। प्रदेश में कुल 1 करोड़ 98 लाख 23 हजार 168 मतदाता मतदान करेंगे।

Updated On 2024-03-15 21:30:00 IST
मुख्य निवार्चन अधिकारी अनुराग अग्रवाल

Haryana: हरियाणा के मुख्य निवार्चन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा 2024 के आम चुनाव की घोषणा चुनाव आयोग किसी भी समय कर सकता है। जिसको लेकर सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निवार्चन अधिकारी कार्यालय चुनाव की तैयारियों में पूरी तरह लगे हुए है। हरियाणा में इन चुनावों में कुल एक करोड़ 98 लाख 23 हजार 168 मतदाता हिस्सा ले सकेंगे। अनुराग अग्रवाल अपने कार्यालय में विभाग के अधिकारियों के साथ चुनाव प्रबंधों को लेकर समीक्षा बैठक कर रहे थे।

पहली बार साढ़े तीन से अधिक युवा करेंगे मतदान

अनुराग अग्रवाल ने बताया कि 18 से 19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 3 लाख 63 हजार 491 हैं जिनमें 2 लाख 43 हजार 133 पुरुष व 1 लाख 20 हजार 339 महिला मतदाता शामिल है। जो पहली बार मतदान में भाग लेंगे। इसी प्रकार 100 से 109 आयु वर्ग मतदाताओं की संख्या 10 हजार 759 है तथा 120 से अधिक आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 41 है जिनमें 8 मतदाता गुरूग्राम में है। 2019 से 2024 के बीच 23 लाख से अधिक नए मतदाता बने है। 2019 से 2024 के बीच प्रदेश में 23 लाख से अधिक नए मतदाता के नाम मतदाता सूची में जोडे़ गए है। इस मतदाता सूची की अंतिम प्रकाशन 22 जनवरी 2024 को किया गया था।

सी-विजिल चुनाव आयोग की तीसरी आंख

अनुराग अग्रवाल ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव 2024 में आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन ना हो, इसके लिए चुनाव आयोग द्वारा सी-विजिल ऐप बनाया गया है जो चुनाव आयोग की तीसरी आंख का काम करता है। इस ऐप पर किसी तरह की धांधली की रिपोर्ट अपडेट की जा सकती है तथा रिपोर्ट करने वाले का नाम व पहचान उजागर नहीं होती। इस ऐप का इस्तेमाल बेहद आसान है। युजर को इस ऐप के साथ 100 मिनट के भीतर स्टेटस रिपोर्ट दिए जाने का वादा किया जाता है। इसे मोबाईल फोन के माध्यम से कोई भी आम जनता फोटो, ऑडियो, वीडियो लेकर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट कर सकता है। यह ऐप कोई भी अपने प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकता है।

Similar News