हरियाणा CM रामलला के करेंगे दर्शन: नायब सैनी कैबिनेट संग अयोध्या के लिए रवाना, पूर्व सीएम मनोहर लाल ने बनाया था प्लान

सीएम नायब सैनी अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ आज सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। वह अपने मंत्रियों के साथ रामलला के दर्शन करेंगे।

Updated On 2024-06-24 09:11:00 IST
इंडी गठबंधन रैली पर सीएम नायब सैनी की आई पहली प्रतिक्रिया।

Haryana CM Nayab Saini Visit Ayodhya: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ आज उत्तर प्रदेश के अयोध्या जाएंगे। यहां वह अपने मंत्रियों के साथ रामलाल के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मंत्रियों तथा विधायकों का यह शिष्टमंडल सोमवार की सुबह चंडीगढ़ से अयोध्या के लिए रवाना हो गया है।

रामलला के दर्शन करेंगे सीएम नायब सैनी

अयोध्या के लिए रवाना होने से पहले सीएम सैनी ने कहा कि आज हमें भी यह अवसर मिला है कि हमारे कैबिनेट के सभी मंत्री भगवान श्री राम के दर्शन करने अयोध्या जा रहे हैं। 'मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना' के तहत हर जिले में बसें भेजी जा रही हैं, हमने लोगों के लिए अयोध्या में भगवान श्री राम के दर्शन की व्यवस्था की है।

सीएम नायब सैनी ने आगे कहा कि अब हमने श्रम विभाग के अधिकारियों से कहा है कि वे उन श्रमिकों के लिए भी व्यवस्था करें, जो तीर्थ स्थलों पर जाना चाहते हैं। लोग इस बात से बहुत संतुष्ट हैं कि सरकार ने ऐसी योजनाओं के माध्यम से भगवान श्री राम के तीर्थ स्थलों पर जाने का अवसर दिया है।

पूर्व सीएम मनोहर लाल ने बनाया था प्लान

बता दें कि 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम की मूर्ति स्थापना के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने विधायकों और मंत्रियों के साथ 10 फरवरी को अयोध्या जाने का कार्यक्रम बनाया था, लेकिन उस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रद्धालुओं की भीड़ का हवाला देते हुए कार्यक्रम की तिथि दोबारा निर्धारित करने का आग्रह किया, जिसके बाद मार्च के पहले सप्ताह में अयोध्या जाने का ऐलान किया गया।

मनोहर लाल के अयोध्या जाने से पहले ही प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन का घटनाक्रम शुरू हो गया और फिर इसके बाद लोकसभा के चुनाव आ गए। ऐसे में मार्च में भी कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। अब मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अयोध्या जाने के कार्यक्रम का ऐलान किया और आज सोमवार को वह अपने मंत्रियों और कई विधायकों के साथ रामलला के दर्शन करेंगे।

Similar News