कांग्रेस पर भड़कते हुए बोले धर्मेंद्र प्रधान: भ्रम, झूठ व शंका पैदा करने वाला समूह, जनता के हित में नहीं कोई एजेंडा

धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर भड़कते हुए कहा कि कांग्रेस रोड़े अटकाने वाली पार्टी है। कांग्रेस के पास देश और प्रदेश की जनता के हित का कोई एजेंडा नहीं है।

Updated On 2024-06-29 21:49:00 IST
पत्रकारों से बातचीत करते केंद्रीय मंत्री व चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान। 

Panchkula: भाजपा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि भारत की प्रगति में हरियाणा का अपना अहम योगदान है। अक्टूबर में हरियाणा विधानसभा के चुनाव होने हैं और जनता के आशीर्वाद से तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर भड़कते हुए कहा कि कांग्रेस रोड़े अटकाने वाली पार्टी है। कांग्रेस के पास देश और प्रदेश की जनता के हित का कोई एजेंडा नहीं है। कांग्रेस कुंठित हो चुकी है, इसलिए कांग्रेस नकारात्मक राजनीति करती है और दुविधा में फंसी हुई है। कांग्रेस का समय समाप्त हो चुका है और हरियाणा में अब तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। धर्मेंद्र प्रधान पंचकूला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

जनता के बीच जाएंगे कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि

भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि जनता के बीच जाएंगे। सर्व समाज को विश्वास में लेते हुए जनता का विश्वास जीतेंगे और लोगों के सहयोग से हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे। हमारे प्रतिद्वंदी के पास कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है। कांग्रेस सिर्फ भ्रम, झूठ और शंका पैदा करने वाला समूह है। लोकसभा चुनाव में उनकी पराजय हुई है और एनडीए की वापसी हुई है। पिछले दो दिनों से लोकसभा और राज्यसभा में कांग्रेस ने सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने की बजाए रोड़े अटकाने वाली राजनीतिक शक्ति बनने का मन बनाया हुआ है।

भारत की उन्नति में हरियाणा में अपना स्थान

चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हरियाणा सिर्फ एक प्रदेश नहीं, बल्कि हरियाणा भारत के अंदर सकारात्मकता लाने वाला एक मिजाज है। भारत की आर्थिक उन्नति में हरियाणा का अपना स्थान है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का आह्वान किया है और 5 ट्रिलियन इकोनॉमी की बात कही है। प्रधानमंत्री की सोच के हिसाब से हरियाणा सबसे उपर है और पीएम मोदी के विजन को लीड करेगा। देश को एक नई उंचाई तक जाने के लिए हरियाणा के नेतृत्व की भी आवश्यकता है। हरियाणा की जनता ने पिछले 20 सालों में 10-10 साल की कांग्रेस और भाजपा की सरकार को आंका है। 2004 से 2014 तक कांग्रेस और 2014 से 2024 तक भाजपा को देखा व परखा है।

विकास के नाम पर तीसरी बार भाजपा की बनेगी सरकार

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि लोग विकास चाहते हैं, इसलिए भाजपा को तीसरी बार दायित्व देंगे। 10 सालों में भाजपा जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरी है। चुनाव चाहे नगरपरिषद का हो, लोकसभा या फिर विधानसभा का हो, भाजपा सदैव चुनाव को चैलेंज के रूप में लेती है। भाजपा अपनी ताकत पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी को प्रदेश की जनता पर भरोसा है और कार्यकर्ताओं की निष्ठा पर विश्वास है।

Similar News