सड़क किनारे बच्ची फेंकने का मामला: नाबालिग के साथ मां के प्रेमी ने किया था दुष्कर्म, 2 को किया काबू
सोमनदी पुल के पास मिली नवजात बच्ची नाबालिग के साथ दुष्कर्म से जन्मी थी। नाबालिग के साथ उसके जीजा व मां के प्रेमी ने दुष्कर्म किया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
Yamunanagar: जिले के रणजीतपुर में सोम नदी के किनारे 31 दिसंबर को मिली नवजात बच्ची के परिजनों का पता पुलिस ने लगा लिया। यह नवजात नाबालिग किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म से जन्मी थी। किशोरी से उसके जीजा व मां के प्रेमी ने दुष्कर्म किया था। जब वह गर्भवती हुई और नवजात को जन्म दिया तो उसे सोम नदी के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने किशोरी के आरोपित जीजा व उसकी मां के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को भी अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
सोमनदी पुल के पास सड़क किनारे मिली थी नवजात
31 दिसंबर को एक युवक ने सोमनदी पुल के पास एक नवजात बच्ची को रोते हुए देखा तो उसने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को अस्पताल में भर्ती करवाया। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रणजीतपुर क्षेत्र की 14 वर्षीय किशोरी ने इस नवजात को जन्म दिया है। जब पुलिस ने किशोरी से बातचीत की तो चौकानें वाला खुलासा हुआ।&
मां के साथ लिव इन में रहने वाले प्रेमी ने किया था दुष्कर्म
किशोरी ने बताया कि उसकी मां के साथ लिव इन में रहने वाले युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके अलावा उसके जीजा ने भी दुष्कर्म किया। वह अपनी बहन के घर कुछ दिन के लिए रहने गई थी। जहां उसके साथ गलत काम किया गया। जब वह गर्भवती हो गई तो इस बारे में किसी को भी न बताने की धमकी दी। उसकी मां को भी चुप करा दिया गया। जब उसने नवजात को जन्म दिया तो उसे रणजीतपुर अस्पताल में छोड़ा और पुलिस को सोम नदी के पास नवजात मिलने की कहानी बता दी। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके डीएनए सैंपल भी लिए गए हैं।