Haryana Cabinet Expansion: हरियाणा कैबिनेट में अनिल विज को नहीं मिलेगी जगह, बोले- CM का बदलना बॉम्बशेल की तरह

हरियाणा में आज कैबिनेट का विस्तार होगा। पूर्व गृह मंत्री अनिल विज को कैबिनेट में जगह नहीं दी जा रही है। वहीं, राज्य में सीएम के बदले जाने पर उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए बॉम्बशेल की तरह था।

Updated On 2024-03-19 16:04:00 IST
हरियाणा सीएम नायब सैनी और अनिल विज।

Haryana Cabinet Expansion: हरियाणा की नायब सैनी सरकार के कैबिनेट का विस्तार 16 मार्च को होना था, लेकिन किन्हीं कारणों से यह टल गया था जो आज मंगलवार शाम को होने जा रहा है। इस बीच एक बड़ी जानकारी सामने आ रही है कि पूर्व गृह मंत्री अनिल विज को हरियाणा कैबिनेट में जगह नहीं मिलेगी। बता दें कि अनिल विज की नाराजगी तब सामने आई थी, जब वह हरियाणा निवास में विधायकों की मीटिंग बीच में ही छोड़कर चले गए थे, जिसमें नायब सैनी को सर्वसम्मति से हरियाणा का मुख्यमंत्री नामित किया गया था। इसके बाद से ही उनकी नाराजगी को लेकर चर्चा होने लगी थी।

12 मार्च को ली थी सैनी ने सीएम पद की शपथ

हरियाणा कैबिनेट का विस्तार आज शाम को होगा। इसमें छह से सात विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। गौरतलब है कि हरियाणा में मनोहर लाल के इस्तीफा देने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने 12 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इस दौरान सैनी के साथ बीजेपी के चार और एक निर्दलीय विधायक ने मंत्री पद की शपथ ली थी।

सीएम का बदलना मेले लिए बॉम्बशेल की तरह- विज

वहीं, हरियाणा में कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं के बीच पूर्व गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि अचानक मुख्यमंत्री का बदलना मेरे लिए एक बॉम्बशेल की तरह था। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुझे बिल्कुल भी जानकारी नहीं थी कि राज्य में मुख्यमंत्री बदला जा रहा है। उन्होंने बताया कि उन्हें विधायक दल की बैठक में ही इस बात की जानकारी मिली।

अंबाला पहुंचे थे सीएम

बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सैनी आज मंगलवार को अंबाला पहुंचे। जहां उन्होंने लोकसभा चुनावों के लिए विजय अभियान की शुरुआत से पहले गुरु साहब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करने का दावा भी किया। मुख्यमंत्री चंडीगढ़ से करनाल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की रैली में शामिल होने के लिए करनाल जाते समय अंबाला में रुके थे, लेकिन इस दौरान भी अनिल विज ने सीएम से दूरी बनाई रखी।

Similar News