भर्ती प्रक्रिया में बदलाव: HSSC ने फॉरेस्ट रेंजर भर्ती की शुरू, महिलाओं की छाती नहीं मापेंगे

HSSC ने फॉरेस्ट रेंजर व डिप्टी फॉरेस्ट रेंजर भर्ती का पहला चरण शुरू किया। पंचकूला में PMT-PET टेस्ट जारी है। वहीं, नियमों में बदलाव करते हुए महिलाओं की छाती नापने का नियम हटाया गया।

Updated On 2025-08-11 17:07:00 IST

पंचकूला में एचएसएससी चेयरमैन भर्ती प्रक्रिया की जांच करते हुए। 

भर्ती प्रक्रिया में बदलाव : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग HSSC ने फॉरेस्ट रेंजर और डिप्टी फॉरेस्ट रेंजर के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया का पहला चरण शुरू कर दिया है। सोमवार से पंचकूला स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में शारीरिक माप परीक्षण (PMT) और शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) आयोजित किए जा रहे हैं। यह प्रक्रिया विज्ञापन संख्या 09/2024 (ग्रुप-7) फॉरेस्ट रेंजर और विज्ञापन संख्या 11/2024 (ग्रुप-45) डिप्टी फॉरेस्ट रेंजर के तहत हो रही है।

इन सामान पर लगाया बैन

PMT के दौरान अभ्यर्थियों की ऊंचाई और अन्य शारीरिक मानकों की जांच की जाएगी, जबकि PET में उम्मीदवारों को निर्धारित दूरी की दौड़ सहित विभिन्न शारीरिक चुनौतियों को पूरा करना होगा। स्टेडियम में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट जैसे वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रखे गए हैं। सुरक्षा कारणों से मोबाइल फोन, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

महिला उम्मीदवारों को मिली राहत

इस बार महिला अभ्यर्थियों के लिए भर्ती मानकों में बदलाव किया गया है। अब वन विभाग में भर्ती के दौरान महिलाओं की छाती का माप नहीं लिया जाएगा। पिछले साल जुलाई 2023 में महिलाओं के लिए छाती का नाप 74 सेंटीमीटर (सामान्य) और 79 सेंटीमीटर (फुलाने पर) अनिवार्य किया गया था, लेकिन विरोध के बाद सरकार ने इस शर्त को हटा दिया है। इससे महिला उम्मीदवारों को राहत मिली है और चयन प्रक्रिया सुविधाजनक हुई है।

चेयरमैन ने किया निरीक्षण

टेस्ट शुरू होने से पहले रविवार को HSSC के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने केंद्र का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपकरणों की गुणवत्ता, सुरक्षा इंतज़ाम और अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़े प्रबंधों की समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों को चयन प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचने और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उम्मीद है कि पहले चरण के सफल समापन के बाद भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण जल्द शुरू किए जाएंगे। यह कदम राज्य के वन विभाग में योग्य और प्रशिक्षित रेंजर्स की भर्ती को गति देगा।

Tags:    

Similar News