हरियाणा में अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट : 60 KMPH की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना, हिसार सबसे गर्म रहा
हरियाणा में अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट। मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, तेज हवाएं और तापमान में गिरावट की संभावना। जानें आपके जिले का हाल।
हरियाणा में अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट : हरियाणा के मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों (रविवार, सोमवार और मंगलवार) के लिए प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान विभिन्न जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही, 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को भी हरियाणा के कई जिलों में बारिश और बूंदाबांदी हुई थी, जिसका असर तापमान पर देखने को मिला। बारिश के कारण प्रदेश का औसत तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का बारिश को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 7 मई तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव के कारण 3 मई की रात से 7 मई तक आंशिक बादल छाए रहने और बीच-बीच में हल्की से मध्यम हवाएं चलने की संभावना है। इस अवधि में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
बारिश की संभावना
4 मई (रविवार) : पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल में 25-50% संभावना है, जबकि अन्य जिलों में 25% तक संभावना है।
5 मई (सोमवार) : पूरे हरियाणा में बारिश होगी। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में 50-75% संभावना है। कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत और सोनीपत में 25-50% और अन्य जिलों में 25% तक बारिश की संभावना है। 6 मई (मंगलवार): पूरे हरियाणा में बारिश होने की संभावना है। सिरसा, फतेहाबाद, जींद और हिसार में 25% संभावना है और अन्य जिलों में 25-50% बारिश की संभावना है।
7 मई (बुधवार) : प्रदेश के 6 जिलों (पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल) में 25% बारिश की संभावना है और अन्य जिलों के शुष्क रहने की संभावना है।
आगामी दिनों में मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, 4 मई रविवार को प्रदेश के 7 जिलों (पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल) में मौसम बिगड़ने की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों में 40-60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बिजली भी चमक सकती है। वहीं, कैथल, जींद और पानीपत को ग्रीन जोन में रखा गया है, जबकि अन्य जिलों को येलो जोन में रखा गया है। 5 मई को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर के लिए मौसम बिगड़ने की चेतावनी जारी की गई है। 13 जिलों में येलो अलर्ट और 6 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है। 6 मई को 13 जिलों में बादल छाए रहने, गरज और चमक के साथ हवाएं चलने की संभावना है, जबकि 9 जिलों में मौसम साफ रहेगा।
तापमान में बदलाव
शनिवार को हरियाणा के अधिकतम तापमान में 5.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस नीचे है। प्रदेश का सबसे गर्म जिला हिसार का बालसमंद क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सभी जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हिसार के बालसमंद इलाके में सबसे ज्यादा 8.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद वहां का अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
यातायात और सामान्य जनजीवन हो सकता है प्रभावित
खराब मौसम के कारण यातायात और सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है। तेज हवाओं से कमजोर संरचनाओं और फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने के लिए कहा गया है।