हिसार में मानव तस्करों के लेटर से हड़कंप: देश से 100 लोगों का अपहरण कर पाकिस्तान और दुबई में बेचा, मालेगांव से चल रहा गिरोह
हरियाणा के हिसार में मानव तस्करी गिरोह का एक पत्र मिलने से पुलिस अलर्ट हो गई है। पत्र में दावा किया है कि देश से 100 से ज्यादा लोगों का अपहरण कर पाकिस्तान व दुबई में बेचा गया है। पत्र में अगवा किए गए कई युवकों के नाम भी है, जिनमें से रेवाड़ी का अंश 6 साल से लापता है।
हिसार से मिला पत्र और इनसेट में रेवाड़ी के अंश का फाइल फोटो।
हिसार में मानव तस्करों का लेटर : हरियाणा के हिसार में IG के नाम एक पत्र मंदिर परिसर में मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। पत्र लिखने वाले ने अपना नाम न देते हुए दावा किया है कि हरियाणा, पंजाब व राजस्थान से करीब 100 लोगों का अपहरण कर इन्हें दुबई और पाकिस्तान में बेचा गया है। कई अपहृत युवकों के नाम भी इसमें लिखे हैं। इनमें से ही एक युवक के पिता रेवाड़ी से हिसार पहुंचे और मदद की गुहार लगाई। अब पुलिस इस पत्र की सच्चाई जानने में जुटी है।
पत्र पर लिखा था IG HISAR, मांगी थी अर्जेंट हेल्प
30 मई को शुक्रवार सुबह हिसार के शिव मंदिर के पुजारी सुरेश ने रोजाना की तरह मंदिर के स्टील के कपाट खोले तो एक खाकी रंग का लिफाफा मिला। शुरू में उन्हें लगा कि किसी ने मन्नत मांगी होगी। साफ-सफाई करने के दौरान लेटर देखा तो इस पर आईजी ऑफिस हिसार और अर्जेंट हेल्प लिखा था। खाकी रंग के लिफाफे में कापी के चार पेज थे, जिन पर नीले रंग के बाल पेन से तीन पेज पर लिखा हुआ था। लेटर लिखने वाले ने अपनी व अपने परिवार की जान का खतरा बताते हुए लिखा कि वह लोगों को अगवा करने वाले गिरोह का सदस्य है। अब उसे खुद ही अपने गिरोह के सीनियर से जान का खतरा है।
रेवाड़ी के अंश का नाम पत्र में लिखा सुनकर आए पिता, छह साल से है लापता
हरियाणा के रेवाड़ी निवासी रितेश गुलाटी करीब छह साल से अपने लापता बेटे को देश के हर कोने में ढूंढ रहे हैं। हिसार में शुक्रवार को रेड स्क्वेयर मार्केट स्थित शिव मंदिर में आईजी कार्यालय के नाम मिले लेटर से उनके लापता बेटे के मामले में भी नया मोड़ आ गया। तीन पेज के हाथ से लिखे इस पत्र में दावा किया गया है कि उनके गिरोह ने हरियाणा, राजस्थान व पंजाब से करीब 100 लोगों को अगवा किया है। इन्हें पाकिस्तान और दुबई जैसे कई देशों में बेच दिया गया। पत्र में सिरसा, हिसार, नरवाना, रेवाड़ी व अंबाला से युवकों का नाम समेत अगवा करने की बात लिखी गई है। इनमें से एक नाम रेवाड़ी के अंश गुलाटी का भी है। इसकी जानकारी मिलने पर रेवाड़ी से अंश के पिता रितेश गुलाटी हिसार पहुंचे और अपने बेटे को ढूंढने की गुहार लगाई। अंश का नाम पत्र से सही मिलने पर पुलिस में भी हड़कंप मचा हुआ है। पत्र लिखने वाले ने उसकी बॉस महिला से खुद की जान बचाने की गुहार भी लगाई है।
11 अक्टूबर 2019 से लापता है बेटा, रेलवे स्टेशन पर मिली थी स्कूटी
रेवाड़ी की एक निजी कंपनी में कार्यरत रितेश गुलाटी ने बताया कि मेरा बेटा 11 अक्टूबर 2019 से लापता है। वह 11वीं कक्षा में पढ़ता था। वह ट्यूशन जाने के लिए घर से निकला था और इसके बाद वापस नहीं लौटा। शाम को रेलवे स्टेशन पर उसकी स्कूटी बरामद हुई। पुलिस ने 2 दिन तक दिल्ली तक के रेलवे स्टेशनों पर फुटेज की जांच की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। रितेश गुलाटी ने बताया कि वे अंश की तलाश में मुंबई, दिल्ली, देहरादून, अहमदाबाद व नोएडा समेत कई बड़े शहरों में गए, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। अब इस पत्र से एक उम्मीद जगी है।
हनी ट्रैप और पैसे के जाल में फंसाकर करते थे अगवा
पत्र में लिखा गया है कि वे अगवा करने से पहले शिकार की कई माह तक रेकी करते थे। उन्हें लड़के-लड़कियों या पैसे के चक्कर में भी फंसाते थे। अगवा करने के बाद महाराष्ट्र के मालेगांव ले जाते और इसके बाद पाकिस्तान व दुबई आदि देशों में बेच देते। पत्र में लिखा है कि दो युवकों के भाग जाने के बाद गिरोह में तनाव बढ़ गया। उनके बॉस को तेलंगाना पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं, एक महिला बॉस अब उनके ऊपर और किडनैपिंग का दबाव बना रही है। उन्हें महिला बॉस से जान का खतरा है।