Hisar to Jaipur Flight: हिसार से जयपुर के लिए इस तारीख से शुरू होगी फ्लाइट, DGCA ने जारी किया शेड्यूल
Hisar to Jaipur Flight: हिसार से जयपुर के लिए अगले महीने फ्लाइट शुरू हो जाएगी। इसे लेकर DGCA द्वारा शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके अलावा चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट के समय में भी बदलाव किया गया है।
हिसार से जयपुर के लिए फ्लाइट अगले महीने होगी स्टार्ट।
Hisar to Jaipur Flight: हिसार में महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट से जयपुर के लिए फ्लाइट सेवाओं को लेकर डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने शेड्यूल जारी कर दिया है। बताया जा रहा है कि हिसार से जयपुर के लिए अगले महीने यानी 12 सितंबर से पहली फ्लाइट शुरू कर दी जाएगी। फ्लाइट सेवा शुरू हो जाने से यात्रियों को काफी सहूलियत हो जाएगी। फ्लाइट की सहायता से यात्री कम समय में हिसार से जयपुर जा सकेंगे। इसके अलावा उनका सफर भी आरामदायक बनेगा।
शेड्यूल के मुताबिक हर शुक्रवार को शाम 5:35 बजे से जयपुर के लिए यात्रियों को फ्लाइट सेवा दी जाएगी। यात्रियों को हिसार से जयपुर तक फ्लाइट सेवा के लिए 1950 रुपये किराया देना होगा। हिसार से जयपुर जाने के लिए यात्रियों को केवल 1 घंटा 5 मिनट का सफर तय करना होगा। वहीं दिल्ली से हिसार आने वाली फ्लाइट को सप्ताह में एक दिन जयपुर रूट से शुरू किया जाएगा। इसके बाद यही फ्लाइट को हिसार सेअयोध्या के लिए जाएगी। पहले यात्रियों को हिसार से जयपुर जाने के लिए 5 घंटे लग जाते थे, लेकिन अब यह फ्लाइट शुरू हो जाने से यात्रियों का 4 घंटे का समय बचेगा।
चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट का समय बदला
बताया जा रहा है कि हिसार से चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट का समय भी बदल दिया गया है। हिसार से चंडीगढ़ फ्लाइट हर सोमवार और बुधवार सुबह 10 बजे रवाना होगी और 11 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में यह फ्लाइट सुबह 8 बजे चंडीगढ़ से रवाना होकर सुबह 9:40 पर हिसार पहुंचेगी। पहले यात्रियों को हिसार से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट सोमवार और शुक्रवार को मिलती थी। यह फ्लाइट दोपहर 3:20 बजे हिसार से रवाना होकर करीब 4:30 बजे चंडीगढ़ पहुंचती थी। वापस आते समय यह फ्लाइट शाम 4:55 बजे रवाना होकर 5:55 बजे हिसार पहुंचती थी।
इन राज्यों के लिए भी शुरू होगी फ्लाइट सेवा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हिसार से अयोध्या के लिए पहली फ्लाइट का शुभारंभ किया गया था। 14 अप्रैल को हिसार से प्लेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। इस मौके पर प्रधानमंत्री के साथ सीएम सैनी भी मौजूद थे। इसके बाद हिसार से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट शुरू हो गई थी। अब हिसार से अयोध्या, दिल्ली, चंडीगढ़ के बाद जयपुर के लिए फ्लाइट शुरू की जाएगी। बताया जा रहा है कि अहमदाबाद और जम्मू के लिए भी इसी साल हवाई सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है।