हिसार एयरपोर्ट का विस्तार: जल्द शुरू होंगी जम्मू और अहमदाबाद की फ्लाइट्स, चंडीगढ़ रूट होगा एक्सटेंड

वर्तमान में हिसार से दिल्ली, जयपुर और अयोध्या के लिए सेवाएं जारी हैं। चंडीगढ़ की फ्लाइट को जम्मू तक बढ़ाया जा सकता है। इससे न केवल यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि हिसार क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।

Updated On 2025-10-03 14:06:00 IST

हिसार से जल्दी जम्मू और अहमदाबाद की फ्लाइट्स शुरू होंगी। 

हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा विस्तार मिलने वाला है। विमानन कंपनी एलायंस एयरलाइन ने जम्मू और अहमदाबाद के लिए नई उड़ानें शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। ये दोनों नई फ्लाइट्स अक्टूबर के अंत में विंटर शेड्यूल जारी होने के बाद नवंबर से शुरू होने की संभावना है, जिससे उत्तर भारत में हिसार की कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो जाएगी।

विंटर शेड्यूल में दो नई डेस्टिनेशन

हिसार एयरपोर्ट से वर्तमान में दिल्ली, जयपुर और अयोध्या के लिए विमानों का संचालन एलायंस एयरलाइन द्वारा किया जा रहा है। अब कंपनी ने विंटर शेड्यूल (25 अक्टूबर के बाद जारी) के लिए एयरपोर्ट प्रशासन से जम्मू और अहमदाबाद की फ्लाइट्स के लिए टाइमिंग मांगी थी, जिसे एयरपोर्ट प्रशासन ने सप्ताह के अनुसार बनाकर भेज दिया है।

इन दो नए स्थानों के लिए सेवा शुरू होने के बाद, हिसार उत्तर भारत के प्रमुख धार्मिक और औद्योगिक शहरों से सीधे जुड़ जाएगा। वर्तमान में, कंपनी वेबसाइट पर चंडीगढ़ की बुकिंग केवल 25 अक्टूबर तक ही ले रही है, जिसके बाद विंटर शेड्यूल के हिसाब से चंडीगढ़ फ्लाइट का समय भी बदल सकता है।

चंडीगढ़ फ्लाइट का जम्मू तक विस्तार

यात्रियों को सीधा फायदा पहुंचाने के लिए एयरलाइन कंपनी एक महत्वपूर्ण कदम उठा सकती है: चंडीगढ़ की फ्लाइट को जम्मू तक एक्सटेंड किया जा सकता है। अभी हिसार से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों की संख्या कम है, क्योंकि टाइमिंग सही से मैच नहीं हो पाती। अगर इस 25 सीटर विमान को जम्मू तक बढ़ाया जाता है, तो यह सुबह हिसार से चलकर शाम तक वापस लौट सकता है। इससे चंडीगढ़ जाने वाले लोगों को न केवल फायदा होगा, बल्कि यात्रियों की संख्या भी बढ़ सकती है। जम्मू तक एक्सटेंड होने के बाद इस फ्लाइट की टाइमिंग और किराया नए सिरे से जारी होगा।

कनेक्टिविटी बढ़ाने पर लगातार काम हो रहा

हिसार एयरपोर्ट को महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट के नाम से भी जाना जाता है। पिछले कुछ समय से यहां कनेक्टिविटी बढ़ाने पर लगातार काम हो रहा है। हिसार एयरपोर्ट से 12 सितंबर को जयपुर के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू हुई थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ से वर्चुअली रिमोट का बटन दबाकर फ्लाइट को रवाना किया था। उस दौरान सीएम ने कहा था कि अगले चरण में हिसार-चंडीगढ़ फ्लाइट को जम्मू तक बढ़ाया जाएगा।

भविष्य में कोलकाता के लिए भी फ्लाइट चलाने का फैसला

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लगभग एक साल पहले चंडीगढ़, अयोध्या, अहमदाबाद, जयपुर और जम्मू के लिए फ्लाइट संचालित करने की घोषणा की थी। इस संबंध में हरियाणा सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग और एलायंस एयर एविएशन लिमिटेड के बीच एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर भी हुए थे। इस समझौते के तहत अयोध्या, दिल्ली, चंडीगढ़ और जयपुर के लिए फ्लाइट सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। अब अहमदाबाद और जम्मू के लिए फ्लाइट सेवाएं शुरू होना बाकी हैं। इन दोनों में भी जम्मू की फ्लाइट अहमदाबाद से पहले शुरू होने का अनुमान है। सरकार ने भविष्य में कोलकाता के लिए भी फ्लाइट चलाने का फैसला लिया है, जो हिसार की हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा। 

Tags:    

Similar News