हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय: 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, करनाल में भाखड़ा नहर में गिरी कार, दो युवकों को बचाया
सुबह से कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज दिन भर के लिए यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र और कैथल सहित 6 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यमुनानगर में जलभराव से होकर जाते वाहन।
हरियाणा में दो दिन के ठहराव के बाद मानसून ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार सुबह से ही कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है। खास तौर पर यमुनानगर में हुई तेज बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली, जहां गाड़ियां आधी डूबी हुई नजर आईं।
आसमानी बिजली भी चमक सकती है
चंडीगढ़ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज दिन भर के लिए हरियाणा के 6 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, करनाल, कुरुक्षेत्र और कैथल शामिल हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान आसमानी बिजली भी चमक सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इन जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
नहर में गिरी कार, शीशे तोड़कर बाहर निकले युवक
बारिश के मौसम में दुर्घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। रविवार देर रात करनाल में एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। करनाल में भाखड़ा नहर में एक कार गिर गई। कार में कुरुक्षेत्र के दो युवक, गुरविंद्र सिंह और सुरेंद्र सवार थे। बताया जा रहा है कि हादसा जांबा गांव के पास हुआ, जब अचानक नीलगाय सामने आ गई और ड्राइवर ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में जा गिरी।
गनीमत रही कि पुल पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत शोर मचाया, जिससे आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। दोनों युवकों ने सूझबूझ दिखाते हुए कार के शीशे तोड़कर खुद को बाहर निकाला। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सोमवार सुबह हाइड्रा मशीन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया।
सामान्य से अधिक बारिश दर्ज
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में इस साल अब तक सामान्य से 29 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, 20 जुलाई तक हरियाणा में औसतन 147.5 प्रतिशत बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन जुलाई में ही अब तक 189.9 प्रतिशत बारिश हो चुकी है, जो मानसून की काफी सक्रियता को दर्शाता है। किसानों के लिए यह कुछ हद तक राहत की बात हो सकती है, लेकिन शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है।
अगले 3 दिनों का मौसम पूर्वानुमान
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि 25 जुलाई तक प्रदेश में मौसम में बदलाव दिखेगा।
• 22 जुलाई को हरियाणा के 9 जिलों अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी के लिए येलो अलर्ट जारी है। उपरोक्त जिलों में 75 से 100 प्रतिशत क्षेत्र में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा कैथल, जींद, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद, पलवल, मेवात और सिरसा में 50 से 75 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश के आसार हैं।
• 23 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद में 25 से 50 प्रतिशत क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, जींद, हिसार, भिवानी, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, चरखी दादरी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में 25 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश के आसार हैं।
• 24 जुलाई को 9 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद में 25 से 50 प्रतिशत क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना है। शेष जिलों में 25 प्रतिशत क्षेत्र में बारिश के आसार हैं।
पलवल में दो डिग्री तापमान बढ़ा
पिछले 24 घंटों में पलवल में दो डिग्री तापमान बढ़ा है, जबकि अंबाला और महेंद्रगढ़ सबसे गर्म जिले रहे। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में हरियाणा में मौसम का मिजाज बदला रहेगा और बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।