हरियाणा में हाड़ कंपाने वाली ठंड: भिवानी में पारा 1.5 डिग्री पहुंचा, घने कोहरे के बीच अब बारिश का अलर्ट

अंबाला, कैथल और कुरुक्षेत्र जैसे जिलों में 'कोल्ड-डे' की स्थिति बनी हुई है। कोहरे के कारण कई शहरों में दृश्यता शून्य है, जिससे नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित है।

Updated On 2026-01-16 12:53:00 IST

हरियाणा में घने कोहरे और ठंड का दौर जारी है। 

हरियाणा में भीषण शीतलहर और कड़ाके की ठंड जारी है। प्रदेश के अधिकांश हिस्से घने कोहरे की चादर में लिपटे हुए हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने ताजा स्थिति को देखते हुए पूरे राज्य में कोहरे और शीत लहर का 'यलो अलर्ट' जारी किया है। विशेष रूप से कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला जैसे जिलों में 'कोल्ड-डे' जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बूंदाबांदी और मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

भिवानी रहा सबसे ठंडा और हिसार में टूटा रिकॉर्ड

शुक्रवार को हरियाणा के भिवानी जिले ने ठंड के सारे रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए, यहां न्यूनतम तापमान गिरकर मात्र 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं हिसार की बात करें तो यहां पिछले दो साल का रिकॉर्ड टूट गया है। पिछले 15 वर्षों में यह पांचवीं बार है जब हिसार का पारा 0.2 डिग्री तक लुढ़का है। हालांकि शुक्रवार को यहां तापमान में मामूली सुधार हुआ और यह 2.2 डिग्री पर रहा, लेकिन ठिठुरन अब भी बरकरार है। अन्य जिलों में नारनौल 2.0 डिग्री और महेंद्रगढ़ 2.7 डिग्री तापमान के साथ जमाव बिंदु के बेहद करीब बने हुए हैं।

स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं

कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए हरियाणा सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश को दो दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है। अब 18 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे और कक्षाएं सोमवार से सुचारू रूप से शुरू होंगी। कोहरे का सबसे ज्यादा असर सड़कों पर देखने को मिल रहा है। फतेहाबाद, सोनीपत और पानीपत जैसे जिलों में दृश्यता (Visibility) शून्य तक पहुंच गई है, जिस कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई है और गाड़ियां रेंगती नजर आ रही हैं।

पश्चिमी विक्षोभ से तापमान में और अधिक गिरावट की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में दो बैक-टू-बैक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। पहला विक्षोभ 16 जनवरी को दस्तक दे चुका है, जबकि दूसरा 19 जनवरी की रात को सक्रिय होगा। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों का कहना है कि 17 और 18 जनवरी को प्रदेश के कई शहरों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 19 जनवरी से राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश होने के आसार हैं। बारिश होने से हवा में मौजूद प्रदूषण और धुंध से तो राहत मिलेगी, लेकिन इससे तापमान में और अधिक गिरावट आने की संभावना है।

कोहरे और तापमान का पूर्वानुमान

आने वाले दो दिनों यानी 17 और 18 जनवरी को भीषण ठंड के असर में थोड़ी कमी आने की उम्मीद है। अधिकांश जिलों में शीतलहर की चेतावनी वापस ले ली गई है, लेकिन रात और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा बना रहेगा। वर्तमान में राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 2.1 डिग्री सेल्सियस कम चल रहा है। हालांकि गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को औसत तापमान में 1.2 डिग्री की मामूली बढ़ोत्तरी हुई है, लेकिन बर्फीली हवाओं के कारण ठिठुरन अभी कम नहीं हुई है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ। 

Tags:    

Similar News

प्रो कुश्ती लीग में हिसार की अंतिम पंघाल का जलवा: 52 लाख की बोली के साथ बनीं सबसे महंगी भारतीय महिला पहलवान

हरियाणा में भीषण ठंड और कोहरे का डबल अटैक: 12 जिलों में 'कोल्ड डे' की चेतावनी, नारनौल सबसे ठंडा स्थान बना