हिसार रैली: सीएम को बुके देने से पहले पुलिस से करवानी होगी जांच, संख्या भी रहेगी सीमित
गांव पनिहार में 26 अक्टूबर को होने वाली मुख्यमंत्री की रैली में न केवल बुकों की संख्या सीमित होगी, बल्कि उनकी पुलिस सुरक्षा जांच भी करवानी होगी। डीसी ने एसपी को इसके लिए पत्र लिखा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धन्यवाद रैली 26 अक्टूबर को नलवा विधानसभा के गांव पनिहार में होगी। विधायक रणधीर पनिहार के गांव में होने वाली रैली में बुके देने के बहाने मुख्यमंत्री के साथ फोटो शूट करवाने के सभी मंसूबे अब पूरे नहीं होंगे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मुख्यमंत्री को दिए जाने वाले बुकों की संख्या न केवल सीमित रखने का निर्णय लिया है, बल्कि मुख्यमंत्री को देने से पहले बुकों की पुलिस द्वारा सुरक्षा जांच भी करवाई जाएगी। इसके लिए स्पेशल जांच अधिकारियों की ड्यूटी भी लगानी होगी। डीसी ने एसपी को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
पत्र में डीसी ने एसपी को क्या कहा
मुख्यमंत्री की 26 अक्टूबर को पनिहार गांव में होने वाली धन्यवाद रैली में सीएम की सुरक्षा को लेकर डीसी ने एसपी को पत्र लिखा है। जिसमें कहा गया है कि सीएम को दिए जाने वाले बुकों की संख्या को सीमित किया जाए। मुख्यमंत्री को दिए जाने वाले हर बुके की सुरक्षा जांच की जाए तथा कार्यक्रम स्थल पर एक या दो से ज्यादा बुके न दिए जाएं। कार्यक्रम स्थल पर बुके रखने वालों व सुरक्षा जांच के लिए तैनात किए जाने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों की सूची बनाई जाए। बुकों की जांच करने वाले कर्मचारियों को अच्छी तरह से जांच करने के निर्देश दिए जाएं।
हर विधानसभा में मुख्यमंत्री की धन्यवाद रैली
17 अक्टूबर 2024 में दूसरी बार प्रदेश के 12वें मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में धन्यवाद रैली करने का निर्णय लिया था। नलवा विधानसभा में दिसंबर में होने वाली रैली पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के चलते रद हो गई थी। जिसके लिए अब 26 अक्टूबर का दिन निर्धारित किया गया है। जिसमें मुख्यमंत्री के साथ कुलदीप बिश्नोई भी शामिल होंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी पूंडरी, कालका, रेवाड़ी, इंद्री, कुरूक्षेत्र, लाडवा, चरखी दादरी, जींद में धन्यवाद रैली कर चुके हैं। इससे पहले नायब सिंह सैनी ने 12 मार्च 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले मनोहर लाल खट्टर की जगह प्रदेश के 11वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
विधायक झोंक रहे ताकत
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की 26 अक्टूबर को पनिहार गांव में होने वाली धन्यवाद रैली को सफल बनाने के लिए नलवा से भाजपा विधायक रणधीर सिंह पनिहार पूरी ताकत झोंक रहे हैं। गांव-गांव जाकर व्यक्तिगत रूप से ग्रामीणों से संपर्क करने के साथ विधायक फोन कॉल कर ग्रामीणों को मुख्यमंत्री की रैली में पहुंचने का न्योता दे रहे हैं। भजनलाल परिवार 2024 के चुनाव में आदमपुर से भव्य बिश्नोई की हार के बाद पहली बार प्रदेश की सत्ता से बाहर हुआ है। ऐसे में मुख्यमंत्री के साथ नलवा विधानसभा के पनिहार गांव में होने वाली रैली में वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई की उपस्थित पर सभी की निगाह रहेंगी।
भजनलाल परिवार को मिली थी तीन सीट
2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने भजनलाल परिवार (कुलदीप बिश्नोई) को तीन विधानसभा सीट दी थी। जिनमें आदमपुर, नलवा व फतेहाबाद की सीट शामिल थी, परंतु इनमें से भाजपा केवल नलवा की सीट ही जीत पाई थी। आदमपुर में कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई और फतेहाबाद से दूड़ा राम चुनाव हार गए थे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।