प्रो. संपत्त सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी: घर वापसी पर बने इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक

बेटे के गौरव के साथ घर वापसी करते ही प्रो. संपत्त सिंह को राष्ट्रीय संरक्षक की जिम्मेदारी मिली है। संपत्त सिंह ने स्याहीकांड से हुड्डा पर हमला बोलने के साथ कहा इनेलो छोड़ने से मेरे 16 साल बर्बाद हो गए।

Updated On 2025-11-05 23:48:00 IST

इनेलो में शामिल होने पर संपत्त सिंह का स्वागत करते अभय चौटाला।

हरियाणा के पूर्व मंत्री प्रो. संपत्त सिंह ने 16 साल बाद इनेलो में शामिल होकर घर वापसी की। दो दिन पहले कांग्रेस छोड़ने वाले संपत्त सिंह ने इनेलो में शामिल होते ही राज्यसभा के स्याही कांड का जिक्र कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर बड़ा सियासी हमला करते हुए कहा कि मेरे लिए बुरा दिन था जब मैं इनेलो छोडक़र कांग्रेस में गया था। मुझे दुख है कि मैंने इनेलो को छोड़ा और 16 साल कांग्रेस में रहा। मेरे 16 साल खराब हुए। भूपेंद्र हुड्डा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस में कई लोगों ने मुझे घर बैठाने की कोशिश की। मुझे कहीं कोई जगह नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता साल 2016 के राज्यसभा चुनाव के स्याही कांड के बारे में बोलते नहीं हैं जब इन्होंने पेन बदल कर वोट चोरी किए। बेटे गौरव संपत्त के साथ इनेलो में शामिल होते ही प्रो. संपत्त सिंह को इनेलो ने राष्ट्रीय संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपकर घर वापसी पर भव्य स्वागत किया।

हुड्डा ने अकेले उचाना में चुराए 60 हजार वोट

कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर बोलते हुए प्रो. संपत्त सिंह ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में भूपेंद्र हुड्डा ने दो निर्दलीय उम्मीदवार खड़ा कर कांग्रेस के 60 हजार से अधिक वोट चोरी किए थे। जब आपको सीएम बनाया आपने श्रीकृष्ण हुड्डा का इस्तीफा लिया। लोकसभा की टिकट पर श्रीकृष्ण हुड्डा का हक बनता था लेकिन अपने बेटे को चुनाव लड़ा दिया। विधान सभा चुनावों में जीतने वाले लोगों की टिकटें काट दी और जिनके पास धन बल था उनको टिकट दे दिए। मेरा एक सपना है कि प्रदेश के लोग जो बीजेपी को बदलना चाहते हैं अब मेरी अपनी पार्टी इनेलो हरियाणा में भाजपा के सामने एक मजबूत विकल्प बने।

दिखावे के लिए बीसी-एससी की बात करती है कांग्रेस

प्रो. संपत्त सिंह ने कहा कि कांग्रेसी नेता सिर्फ दिखावे के लिए ही एससी बीसी की बात करते हैं। लजा के खिलाफ टिप्पणी की गई तब इन्होंने कार्रवाई करने की जगह उसे वायरल किया। कुम्हार जाति से आने वाले रामनिवास घोड़ेला का बरवाला से टिकट काट दिया। कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं। लेकिन क्या ये कभी सडक़ पर दिखे? 4 महीने से किसानों के घर और खेत डूबे हुए हैं। कांग्रेस ने क्या किया? किसानों को खाद नहीं मिल रहा। सरकार एचकेआरएन के माध्यम से युवाओं का शोषण कर रही है। कांग्रेस ने इसके खिलाफ क्या किया?

देवीलाल-चौटाला के बाद संपत्त सिंह ने किया संघर्ष

इनेलो राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि संपत सिंह का इनेलो में शामिल होना पार्टी के लिए बड़ा दिन है। इन्होंने चौधरी देवीलाल की नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए यह फैसला लिया है। हम इनका आभार व्यक्त करते हैं। हमारी पार्टी में चौधरी देवीलाल और चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के बाद संपत सिंह और रामपाल माजरा ने संघर्ष किया। रामपाल माजरा प्रदेशाध्यक्ष हैं। चौधरी संपत सिंह हमारे सबसे पुराने साथी है। मेरे राजनीति में आने से पहले मंत्री और विधायक रह चुके हैं। इनको संगठन का बहुत अनुभव है। इसलिए हम चौधरी संपत सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय संरक्षक बना रहे हैं। अभय चौटाला ने यह भी खुलासा किया कि चौधरी संपत सिंह और रामपाल माजरा को इनेलो पार्टी छोड़ने के लिए अजय चौटाला ने मजबूर किया था। अभय चौटाला ने कहा कि हमने देखा है कि यूपी और बिहार में वोट कैसे डलते थे। एक आदमी मशीन पर खड़ा होकर ठप्पे लगा कर सारे वोट डलवाता था। तब कांग्रेस की सरकार थी। तब इनको वोट चोरी दिखाई नहीं दी।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News