OP Singh: आजकल दो दुनिया हैं... IPS पूरन कुमार-ASI संदीप लाठर की आत्महत्या पर DGP ओपी सिंह ने क्या कहा?

DGP OP Singh: IPS वाई पूरन कुमार और ASI संदीप लाठर दोनों अधिकारियों की आत्महत्या को लेकर DGP ओपी सिंह का बयान सामने आया है। यहां पढ़ें उन्होंने दोनों सुसाइड केस पर क्या कहा है।

Updated On 2025-10-21 18:00:00 IST

IPS वाई पूरन कुमार और ASI संदीप लाठर की आत्महत्या पर ओपी सिंह का बयान।

DGP OP Singh: हरियाणा में IPS वाई पूरन कुमार और ASI संदीप लाठर दोनों अधिकारियों ने आत्महत्या कर ली थी। इन घटनाओं ने पूरे देश को झकझोर दिया। IPS वाई पूरन कुमार ने सुसाइड नोट में कई सीनियर अधिकारियों पर जातीय उत्पीड़न का आरोप लगाया था। वहीं ASI संदीप लाठर ने भी आत्महत्या से पहले वीडियो जारी करके IPS वाई पूरन कुमार और उनकी पत्नी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। हालांकि अब तक दोनों मामलों को लेकर संदेह बना हुआ है, कि आखिर अधिकारियों की आत्महत्या की सटीक वजह क्या है, इसे लेकर जांच जारी है।

बता दें कि IPS वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के बाद पूर्व डीजीपी शत्रुजीत कपूर को हटाकर उनकी जगह अब ओपी सिंह को DGP नियुक्त किया गया है। DGP ओपी सिंह ने IPS वाई पूरन कुमार और ASI संदीप लाठर सुसाइड मामले में अपना बयान दिया है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'आजकल दो दुनिया हैं- एक सोशल मीडिया और दूसरी असली दुनिया। असली दुनिया में कोई समस्या नहीं है। जो कुछ भी हो रहा था, वह सोशल मीडिया पर हो रहा था।'

ओपी सिंह ने आगे कहा, 'मुझे बहुत दुख है कि हमारे दो साथी, जो 20-25 साल से हमारे साथ थे, और देश की जनता की सेवा कर रहे थे, उनकी मौत हो गई। हम पुलिस बल हैं और हमारी लड़ाई जारी रहेगी। क्या हमारे पास बस बैठकर निराश होने का विकल्प है? किसी का मनोबल नहीं टूटा, कुछ नहीं हुआ।'

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की दुनिया है, और वे लोगों को डराते रहते हैं, जितना ज़्यादा आप देखेंगे, उतनी ज़्यादा नज़रें उन पर टिकी रहेंगी, उतना ही ज़्यादा पैसा अमेरिका को मिलेगा।

सर्विस रिवॉल्वर से मारी थी गोली

IPS वाई पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर मंगलवार की सुबह चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में सरकारी आवास में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या के वक्त घर में केवल उनकी छोटी बेटी थी। वहीं उनकी IAS पत्नी अमनीत कौर सीएम सैनी के साथ जापान दौरे पर थीं। वहीं ASI संदीप लाठर ने भी रोहतक में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। दोनों मामलों की जांच अभी चल रही है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News