Bird House: गुरुग्राम में पंचकूला की तर्ज पर 10 हजार पक्षियों को मिलेगा घर, निगम ने बनाया खास प्लान
Gurugram Bird House Project: गुरुग्राम में पक्षियों की सुरक्षा को देखते हुए निगम की ओर से पक्षी घर बनाए जाएंगे। इसे लेकर निगम आयुक्त ने जानकारी दी है।
गुरुग्राम में बनेंगे आधुनिक पक्षी घर। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Gurugram Bird House Project: गुरुग्राम नगर निगम ने पक्षियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते गुए आधुनिक 'बर्ड हाउस' बनाने का फैसला लिया है। बताया जा रहा है कि इन 'बर्ड हाउस' में करीब 10,000 पक्षियों के रहने की व्यवस्था की जाएगी। निगम के 'बर्ड हाउस' प्रोजेक्ट के तहत 4 अलग-अलग जगहों पर 52 फीट ऊंचे आधुनिक पक्षी घर बनाए जाएंगे। पर्यावरणविदों ने निगम के इस फैसले की तारीफ की है। उनका कहना है कि पक्षियों के संरक्षण के लिए यह एक बेहतरीन कदम है।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम ने पंचकूला की तर्ज पर शहर में आधुनिक पक्षी घर बनाने की योजना बनाई है। प्रदेश में अब तक केवल पंचकूला में ही आधुनिक पक्षी घर बने हैं। पंचकूला के बाद पहली बार गुरुग्राम में इस तरह के घर बनाए जाएंगे। अक्सर ऐसा देखा गया है कि पक्षी घर ना होने की वजह से शहर में अलग-अलग जगहों पर अपने घोंसले बना लेते हैं, इसे देखते हुए ही पक्षी घर बनाने की योजना बनाई गई है।
52 फीट होगी घर की ऊंचाई
'बर्ड हाउस' को पक्षियों के आराम और सुरक्षा को ध्यान में रखकर डिज़ाइन किया गया है। हर पक्षी घर की ऊंचाई करीब 52 फीट होगी। पक्षी घर को इस तरह से डिजाइन किया जाएगा कि यह 6 से 7 मंजिला इमारत जैसा दिखेगा। हर टॉवर में करीब 650 पक्के घोंसले बनाए जाएंगे। घर को इस तरह से डिज़ाइन किया गया है कि हर घोंसले में 4 से 5 पक्षी आसानी से रह सकें।
शिकारी और बदलते मौसम से होगा बचाव
शहर में में बढ़ रहे कंक्रीट के जंगल और पेड़ों की कटाई की वजह से पक्षियों के लिए घोंसले बनाने की जगह धीरे-धीरे खत्म हो रही है। पक्के और सुरक्षित घोंसले पक्षियों को शिकारियों और मौसम की मार से बचाव करेंगे। पक्षी घर उन्हें आराम, सुविधा और सुरक्षा प्रदान करेंगे। पक्के और सुरक्षित घोंसले पक्षियों को उनके प्रजनन और उनकी संख्या बढ़ाने में भी सहायता करेंगे। गुरुग्राम निगम आयुक्त प्रदीप दहिया का कहना है कि शहर में चार जोन में एक-एक पक्षी घर बनाने की योजना बनाई गई है। ट्रायल के लिए सबसे पहले एक जोन में यह पक्षी घर बनाया जाएगा। ट्रायल सफल होने के बाद अगली 3 जगहों पर 'बर्ड हाउस' बनाए जाएंगे।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।