डिजिटल अरेस्ट की खौफनाक साजिश बेनकाब: गुरुग्राम में बैंक मैनेजर ने सूझबूझ दिखाकर ऐसे बचाए पूरे 6 करोड़ रुपये

मैनेजर ने खाते में अचानक हुई इतनी बड़ी ट्रांजेक्शन देखकर तुरंत अलर्ट जारी किया और फंड को फ्रीज कर दिया। उनकी सतर्कता से न केवल 6 करोड़ की बड़ी ठगी रुकी, बल्कि ट्रांसफर किए गए 64 लाख भी होल्ड हो गए।

Updated On 2025-11-22 17:08:00 IST

गुरुग्राम में बैंक मैनेजर को सम्मानित करती पुलिस। 

हरियाणा के गुरुग्राम में बैंक मैनेजर की सूझबूझ और सतर्कता के कारण साइबर ठगों की एक बड़ी और खतरनाक साजिश नाकाम हो गई। ठगों ने खुद को मुंबई सीबीआई अधिकारी बताकर एक बुजुर्ग नागरिक को 'डिजिटल अरेस्ट' में रखा और उनसे 6 करोड़ से अधिक की ठगी करने का प्रयास किया। रिलेशनशिप मैनेजर की सक्रियता के चलते न केवल बड़ी ठगी रुकी, बल्कि पीड़ित द्वारा पहले भेजे गए 64 लाख भी फ्रीज कर दिए गए। गुरुग्राम पुलिस ने इस सतर्कता के लिए मैनेजर को 20,000 का नकद इनाम और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

ऐसे फंसे बुजुर्ग 

'डिजिटल अरेस्ट' साइबर ठगी का एक नया और खतरनाक तरीका है, जहां ठग खुद को सीबीआई या पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों को डराते हैं। गुरुग्राम पुलिस के अनुसार इस मामले में ठगों ने एक वरिष्ठ नागरिक को फोन किया और उन्हें झांसे में लिया। ठगों ने उन्हें बताया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल किसी अवैध गतिविधि में हो रहा है, जिससे वे एक गंभीर केस में फंस गए हैं।

गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई के डर से बुजुर्ग पूरी तरह उनके झांसे में आ गए। ठगों ने उन्हें लगातार 20 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट में रखा यानी उन्हें फोन पर व्यस्त रखा और किसी बाहरी व्यक्ति से संपर्क नहीं करने दिया। इस दौरान ठगों ने उन्हें केस से बाहर निकालने का लालच देकर पैसों की मांग की। डर के मारे बुजुर्ग ने उनके बताए खातों में पहले ₹64 लाख भेज दिए थे।

ठगी का बड़ा प्लान था

साइबर ठगों का मुख्य निशाना बुजुर्ग के म्यूचुअल फंड थे। उन्होंने बुजुर्ग को डराकर अपने म्यूचुअल फंड के करीब 5 करोड़ 90 लाख बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए। यह रकम ठगों को भेजी जानी थी। इस तरह, ठग कुल 6 करोड़ से अधिक की ठगी करने की फिराक में थे। बुजुर्ग ने अपनी पहले की 64 लाख की रकम दो अलग-अलग खातों में भेजी थी ₹20 लाख SBI गोलमुरी, जमशेदपुर ब्रांच में और ₹44 लाख एक्सिस बैंक बांद्रा, मुंबई ब्रांच में।

बैंक मैनेजर की सूझबूझ ने बदली कहानी

यह पूरी साजिश तब नाकाम हुई जब बुजुर्ग ने म्यूचुअल फंड की बड़ी राशि अपने खाते में जमा कराई। बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर मीत सबरवाल ने खाते में अचानक हुए इतने बड़े लेनदेन को देखा और उन्हें तुरंत शक हुआ। मैनेजर मीत सबरवाल ने बताया कि ग्राहक के खाते में अचानक ₹64 लाख की ट्रांजेक्शन हुई और इसके बाद ₹6 करोड़ की ट्रांजेक्शन हुई। इतनी बड़ी रकम को देखकर हमें कुछ गलत होने का संदेह हुआ। 

मैनेजर ने तुरंत खाते फ्रीज किए और बुजुर्ग से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन डर के कारण बुजुर्ग ने कुछ नहीं बताया। बाद में काउंसलिंग के बाद, बुजुर्ग ने पूरी बात बताई, जिसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। मीत सबरवाल ने तुरंत मुंबई की बांद्रा ब्रांच से संपर्क साधा और अनुरोध किया कि ठगों का खाता अनफ्रीज न किया जाए। इस बीच, खाताधारक स्थानीय बैंक मैनेजर पर खाता खोलने का दबाव बना रहा था। मैनेजर की सक्रियता के कारण ₹64 लाख की राशि को भी होल्ड किया गया और पीड़ित के खाते में वापस करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

गुरुग्राम पुलिस ने किया मैनेजर को सम्मानित

गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा ने इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि बैंक मैनेजर की सतर्कता से न केवल ₹6 करोड़ की बड़ी ठगी रुकी, बल्कि ठगों को ट्रांसफर किए गए ₹64 लाख भी फ्रीज करा दिए गए। कमिश्नर विकास अरोड़ा ने मीत सबरवाल की इस सजगता की प्रशंसा करते हुए उन्हें ₹20,000 का नकद पुरस्कार और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

पुलिस की बैंक कर्मचारियों से अपील

पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा ने सभी बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे खातों में किसी भी संदिग्ध लेनदेन को देखें, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा, उन्होंने निम्नलिखित निर्देश भी जारी किए। फर्जी या किराए के पते पर खोले गए 'म्यूल अकाउंट्स' (ठगी के लिए इस्तेमाल होने वाले खाते) पर विशेष निगरानी रखी जाए। नए या कमजोर वित्तीय स्थिति वाले खातों में अचानक हुए बड़े लेनदेन की गहन जांच की जाए। शाखा स्तर पर साइबर सुरक्षा के लिए संदिग्ध खातों की मासिक समीक्षा की जाए। यह घटना दर्शाती है कि साइबर अपराध से लड़ने में बैंक कर्मचारियों की जागरूकता और तत्परता कितनी महत्वपूर्ण है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ। 

Tags:    

Similar News