Punjab and Haryana flood: इनेलो ने पंजाब के 350 बाढ़ग्रस्त गांव गोद लिए, राशन व चारा भेज रहे

पंजाब में आई भयानक बाढ़ में मदद के लिए आए दिन हरियाणा से हाथ आगे बढ़ रहे हैं। अब इंडियन नेशनल लोकदल INLD ने पंजाब के बाढ़ग्रस्त लोगों की मदद के लिए बड़ा फैसला लिया है। आइये जानते हैं इनेलो किस तरह मदद करेगी।

Updated On 2025-09-05 21:53:00 IST
पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए इनेलो आगे आई, 350 गांव गोद लिए। 

Punjab and Haryana flood : पंजाब में आई बाढ़ से लोगों को बचाने के लिए अब हरियाणा से इनेलो नेता भी आगे आए हैं। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने बताया कि पंजाब के फाजिल्का, फिरोजपुर और संगरूर जिला के बाढ़ग्रस्त 350 गांवों को इनेलो पार्टी ने गोद ले लिया है। इसके लिए इनेलो पार्टी ने कार्यकर्ताओं की जिम्मेवारी लगाई है। फाजिल्का और फिरोजपुर के हजारों लोग और पशु इस भंयकर बाढ़ आपदा से बुरी तरह से त्रस्त हैं। इस त्रासदी में कई लोगों और पशुओं की जान माल की भी भारी हानि हुई है। इनेलो पार्टी मानवता के नाते इस दुख की घड़ी में इनके साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता कर रही है।

ऐलनाबाद व डबवाली ने पंजाब के गांव गोद लिए

बाढ़ग्रस्त गांवों में इनेलो के कार्यकर्ता राशन, दवाइयां और पशुओं के लिए चारा भेज रहे हैं। लगातार ट्रैक्टर-ट्रालियां गांव-गांव से भरकर भेजी जा रही हैं। ऐलनाबाद हलका के 72 गांव और डबवाली हलका के 70 गांवों को पंजाब का एक-एक गांव गोद दिलाया गया है। वहीं, हरियाणा में भी कई गांव बाढ़ की चपेट में आए हुए हैं इसलिए बीजेपी की सरकार को हरियाणा में भी तुरंत बाढ़ आपदा घोषित करनी चाहिए और पीड़ित लोगों को मुआवजा देना चाहिए। आज जहां बाढ़ से किसान, कमेरा और गरीब आदमी बुरी तरह से त्रस्त है।

सत्ता व विपक्षी दल पर चौटाला ने निशाना साधा

अभय चौटाला ने कहा कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के नेता चार्टर्ड विमान से सफर कर रहे हैं और हैदराबाद में मौज मस्ती कर रहे हैं। कांग्रेसी नेता विपक्ष का दायित्व निभाने की बजाय आज धरातल से पूरी तरह से गायब हैं और सिर्फ अखबारों में बयान देकर खानापूर्ति कर रहे हैं। चौ. अभय सिंह चौटाला ने कहा कि विडंबना यह है कि सत्ता पक्ष और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के नेताओं के पास लोगों की मदद करने की न तो इच्छा है और न ही फुर्सत। इस दुख की घड़ी में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाढ़ आने पर कह रहे हैं कि बारिश होना खुशी की बात है। उनका यह बयान किसान और कमेरा विरोधी मानसिकता दर्शाता है।

बाढ़ से हुए नुकसान की जल्द भरपाई करे सरकार : हुड्डा

जींद में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश की बीजेपी सरकार द्वारा बाढ़ नियंत्रण और राहत के लिए किए जा रहे कार्य अपर्याप्त हैं। आज लगभग पूरा हरियाणा बाढ़ और जलभराव की चपेट में है। सरकार को तुरंत विशेष गिरदावरी की प्रक्रिया शुरू करके, फसलों को हुए नुकसान का 100 प्रतिशत मुआवजा देना चाहिए। साथ ही मकानों व दुकानों को हुए नुकसान के लिए भी मुआवजा घोषित करना चाहिए।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
Tags:    

Similar News