हरियाणा भाजपा की 2029 चुनाव की तैयारी: हारी हुई 42 विधानसभा सीटों पर BJP मंत्रियों व विधायकों की लगाई जिम्मेदारी
हरियाणा में लगातार हैट्रिक लगाने के बाद भाजपा ने 2029 विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी चार साल पहले ही शुरू कर दी हैं। पिछले चुनाव में 42 सीटों पर हारी भाजपा ने यहां विशेष रणनीति तैयार की है।
चंडीगढ़ में हरियाणा भाजपा के विधायकों का अभिवादन स्वीकार करते सीएम नायब सिंह सैनी।
हरियाणा भाजपा की 2029 चुनाव की तैयारी : हरियाणा भारतीय जनता पार्टी की अहम बैठक सीएम की अध्यक्षता में चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री आवास पर हुई। इस दौरान भाजपा के लगभग सभी विधायकों ने बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में 2029 में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन हुआ। इसके साथ ही 2024 में हारी हुई 42 सीटों पर खास चर्चा की गई।
सीईटी के सफलतापूर्ण आयोजन पर सीएम को दी बधाई
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास पर बैठक के दौरान पार्टी के प्रमुख नेता, सभी विधायक और मंत्री मौजूद रहे। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल बडौली भी रहे। सीएम के आवास पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज, पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा सहित सभी मंत्री मौजूद थे। इस दौरान सीईटी की परीक्षा को लेकर राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को लेकर प्रशंसा की गई। सीईटी परीक्षा बेहतर और शांतिपूर्ण ढंग से हो जाने पर मंत्रियों व विधायकों ने मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
खेतों के रास्ते को लेकर सीएम ने लिया फीडबैक
इस दौरान सीएम और भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने विधायकों के हलकों से संबंधित विकास योजनाओं पर चर्चा की। खेतों के रास्तों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूरा फीडबैक लिया। इसके साथ ही प्रदेश के अंदर 90 विस की जिन 42 सीटों पर भाजपा को सफलता नहीं मिली, वहां पर विपक्षी हलकों में भाजपा मंत्रियों व विधायकों को जिम्मा सौंपा गया है ताकि आने वाले वक्त में वहां पर भाजपा मजबूत हो सके। विधायकों और मंत्रियों को साथ लगते जिलों के हलकों की जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. अरविंद शर्मा को सौंपी किलोई की जिम्मेदारी
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा को नारायणगढ़ हलके की जिम्मेदारी दी गई है। मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा को गढ़ी सांपला किलोई, मंत्री रणबीर गंगवा को फतेहाबाद की जिम्मेदारी दी गई है। गढ़ी सांपला किलोई कांग्रेस के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का हलका है। अभी तक भाजपा इस किले को भेद नहीं पाई है। वहीं, अन्य हलकों में स्थानी लोगों की राय और आने वाले वक्त के लिए फीडबैक लेने के साथ ही विधायकों, पूर्व विधायकों, मंत्री, संगठन पदाधिकारियों की डयूटी भी लगा दी गई है ताकि जवाबदेही बनी रहे। वैसे, हर हलके में विधायकों, उम्मीदवारों और दिग्गज नेताओं को जिम्मा सौंपा है।
विपुल गोयल को रोहतक का जिम्मा सौंपा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि विधायकों को जिन जिलों में प्रभारी नियुक्त किया है, उनकी सूची जारी की जाएगी। वैसे, मंत्री विपुल गोयल को रोहतक प्रभारी, जबकि हांसी विधायक विनोद भयाना को फतेहाबाद, कालका की विधायक शक्तिरानी शर्मा को साढ़ौरा विस की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा भी जिम्मा दिया गया है लेकिन प्रदेशाध्यक्ष ने अलग से इसकी सूची जारी करने की बात कही है।