Weather Updates: दिल्ली में सीजन का सबसे ठंडा दिन, पारा गिरकर 3.5 डिग्री पर आया; घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी शून्य

Weather Update: देश की राजधानी में कोहरे की घनी चादर देखी जा रही है, जिससे यात्रा करने में लोगों को परेशानी हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

By :  Pushpendra
Updated On 2024-01-14 15:22:00 IST
Delhi Weather Update

Weather Update: देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी है। दिल्ली में आज यानी 14 जनवरी को सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। रविवार सुबह घने कोहरे के कारण दिल्ली में विजिबिलिटी शून्य हो गई। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में कोहरे की चादर ढंकी हुई है। दिल्ली आने-जाने वाली 22 ट्रेनें लेट चल रही हैं। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर उड़ानें प्रभावित हुईं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 14 जनवरी को अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।

दिल्ली: आज सीजन का सबसे ठंडा दिन
दिल्ली में आज सीजन का सबसे ठंडा दिन है। रविवार सुबह पारा 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। पालम, इंडिया गेट समेत दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता पर काफी असर पड़ा। पालम में विजिबिलिटी शून्य दर्ज की गई। इंडिया गेट पर 25 मीटर रही। इस बीच घने कोहरे में गणतंत्र दिवस परेड की तैयारी जारी है। इंडिया गेट लगभग आंखों से ओझल रहा। दो दिन पहले यानी कि 12 जनवरी को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

उत्तर प्रदेश: वेस्ट यूपी में सर्दी का सितम जारी
राज्य के कुछ हिस्सों में 14 जनवरी को गंभीर ठंडे दिन की स्थिति रहने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ और बरेली में दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई। जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखनऊ और गोरखपुर में विजिबिलिटी 25 मीटर रही।  

दिल्ली पुलिस ने लोगों को दी सलाह

मौसम विभाग ने राजधानी में 14 जनवरी को घने से बहुत घने कोहरे और 15 व 16 जनवरी को घने कोहरे का अनुमान जारी किया है। दिल्ली पुलिस भी लोगों को ठीक से गाड़ी चलाने की सलाह देती हुई नजर आई है। दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि हम सभी से कोहरे में सावधानी से गाड़ी चलाने की अपील करते हैं।

दिल्ली में विजिबिलिटी काफी कम

IMD विजिबिलिटी के आधार पर कोहरे को बांटता हैं। जब दृश्यता 0 और 50 मीटर के बीच होती है तो बहुत घना कोहरा, 51 और 200 मीटर के बीच घना कोहरा, 201 और 500 मीटर के बीच मध्यम कोहरा और 501 और 1,000 मीटर के बीच उथला कोहरा कहा जाता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 399 रहा, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। 

ये भी पढ़ें: Delhi Weather: दिल्ली हुई पहाड़ी क्षेत्रों से भी ठंडी, सीजन का सबसे ठंडा दिन, न्यूनतम पारा 3 डिग्री तक गिरा

 

Tags:    

Similar News