फाइनेंस कंपनी को लगाया चूना: एक करोड़ से ज्यादा की ठगी में शामिल जालसाज लखनऊ से अरेस्ट, कोर्ट ने घोषित किया था भगौडा

दिल्ली पुलिस ने एक करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसे लखनऊ से गिरफ्तार किया गया है।

Updated On 2024-04-07 20:25:00 IST

Delhi News: आरके पुरम पुलिस ने जालसाजी व ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस पर एक करोड़ से अधिक की ठगी का आरोप है। आरोपी 33 वर्षीय प्रभात सिंह उर्फ पारुल बरेली, यूपी का रहने वाला है। इस पर पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हो चुके थे। कोर्ट ने भी इसे भगौड़ा घोषित किया हुआ था।

लखनऊ से किया गिरफ्तार

डीसीपी रोहित मीना के अनुसार, आरके पुरम थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार त्यागी की टीम ने प्रभात सिंह को गोवर्धन एंक्लेव, लखनऊ से गिरफ्तार किया है। इसने अपने बैंक खाते में ग्राहकों से प्राप्त धनराशि का दुरुपयोग करके अपने मालिक से एक करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी की थी।

कंपनी को लगाया करोड़ से ज्यादा की चूना

उन्होंने बताया कि पीड़ित 11 फरवरी, 2021 से भीकाजी कामा प्लेस में मत्स्या फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से एक फाइनेंस कंपनी चला रहा था। यह कंपनी एसएमई ऋण प्रदान करती है। प्रभात सिंह नामक एक कर्मचारी को एजेंट के रूप में रखा गया था। वह दिल्ली के विभिन्न प्रमुख बाजारों में ग्राहक ढूंढता था। वह जानबूझकर ग्राहकों के खाते में अधिक राशि वितरित करवाता था और ग्राहकों की आपत्ति पर उन्हें बताता था कि अधिक राशि अनजाने में वितरित कर दी गई थी।

कोर्ट ने घोषित किया था भगोड़ा

इसके बाद वह ग्राहकों से कंपनी में रिटर्न के तौर पर अतिरिक्त रकम अपने निजी खाते में ट्रांसफर करा लेता था। इस प्रकार उसने कंपनी का एक करोड़ रुपये से अधिक का गबन किया था। पिछले साल कोर्ट ने इसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। आरोपी महज 12वीं तक पढ़ा है। इसने लखनऊ में टेस्ट ऑफ टंग के नाम से एक रेस्त्रां भी खोल रखा था। आरोपी कई अन्य लोगों से ली गई उधार की रकम भी डकार चुका है।   

Similar News