Arvind Kejriwal Video: बच्चों के साथ बच्चे बने केजरीवाल, स्कूल में बजाई ढफली, छात्रों संग किया भांगड़ा

Arvind kejriwal: दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच अरविंद केजरीवाल एक स्कूल द्वारा आयोजित की गई कला प्रदर्शनी में शामिल हुए। वे यहां एक नए अवतार में नजर आए। उन्होंने ढफली बजाई और बच्चों संग भंगड़ा किया। 

Updated On 2024-12-23 12:36:00 IST
अरविंद केजरीवाल।

Arvind kejriwal: इन दिनों दिल्ली की सभी राजनीतिक पार्टियां दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारी में जोरों-शोरों से लगी हुई हैं। इसी बीच अरविंद केजरीवाल चुनावी प्रचार से परे एक स्कूल की प्रदर्शनी में शामिल हुए और उन्होंने स्कूल के बच्चों के साथ जमकर डांस किया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। आम आदमी पार्टी ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वीडियो शेयर कर मजेदार कैप्शन लिखा है। 

अरविंद केजरीवाल ने बच्चों के साथ किया भंगड़ा

आम आदमी पार्टी ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर 23 सेकेंड का वीडियो शेयर किया है और कैप्शन में लिखा है 'जब छात्रों ने केजरीवाल अंकल से की डांस करने की रिक्वेस्ट।' इस वीडियो में केजरीवाल स्कूल के छात्रों के साथ भंगड़ा करते नजर आ रहे हैं। कुछ बच्चों ने इन पलों को अपने फोन के कैमरों में कैद कर लिया।

ये भी पढ़ें: गणतंत्र दिवस की परेड में दिल्ली की झांकी शामिल न होने पर भड़के केजरीवाल, बीजेपी पर लगाया आरोप

कला प्रदर्शनी 'लहर' में शामिल हुए केजरीवाल 

जानकारी के मुताबिक, विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच अरविंद केजरीवाल दिल्ली के स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस पहुंचे। वहां वे चाणक्यपुरी के शंकर चिल्ड्रेन ट्रस्ट सेंटर द्वारा आयोजित की गई दो दिवसीय कला प्रदर्शनी 'लहर' में शामिल हुए और बच्चों की कला देख उनके फैन हो गए। इस दौरान केजरीवाल डांस करने के साथ ही ढफली बजाते भी नजर आए। उन्होंने बच्चों से बातचीत की।

उन्होंने कहा कि जब बच्चों को सही माहौल और सुविधाएं मिलती हैं, तो उनकी कला और आत्मविश्वास से वो चमत्कार भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं। आज सुविधाएं हैं, तो बच्चे संगीत, कला और नृत्य में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और अपनी पहचान बना रहे हैं।

शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को चुनावी मुद्दा बना रही आप

बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अरविंद केजरीवाल चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं। वे पिछले विधानसभा चुनाव की तरह ही इस बार भी दिल्ली की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को चुनावी मुद्दा बना रहे हैं। इसके कारण अक्सर आतिशी मार्लेना और मनीष सिसोदिया स्कूलों में जाकर वहां का जायजा ले रहे हैं और अब अरविंद केजरीवाल भी इस मुहिम में शामिल हो गए हैं।

ये भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: अरविंद केजरीवाल के खिलाफ संदीप दीक्षित क्यों बने उम्मीदवार, खुद बताई बड़ी वजह

Similar News