Ceasefire Violation: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाक सेना की गोलीबारी से गुरुद्वारा साहिब को नुकसान, 4 की मौत
Ceasefire Violation: भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान और PoK में किए गए एयरस्ट्राइक के बाद एलओसी पर पाकिस्तानी सेना की ओर से गोलीबारी हो रही है। इसमें जम्मू कश्मीर के पुंछ में गुरुद्वारा साहिब की इमारत को नुकसान हुआ। इस हमले में 4 लोगों की मौत हो गई।
Ceasefire Violation: भारत की ओर से मंगलवार देर रात को पाकिस्तान में की गई एयरस्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। पाकिस्तानी सेना LOC के आसपास के इलाकों में लगातार गोलीबारी कर रही है। पाक सेना की गोलीबारी में जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब की इमारत बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें 4 लोगों की मौत की भी खबर है। इस हमले के बाद पुंछ के कई परिवार हिंसा की आशंका को देखते हुए सुरक्षित स्थान की ओर पलायन कर रहे हैं।
इस हमले पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का बयान सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'पाकिस्तान की ओर से गुरुद्वारा साहिब पर हमले की खबर सामने आई है। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई।'
उन्होंने लिखा कि जिस जगह पर सभी के भले के लिए अरदास की जाती है, वहां इस प्रकार का हमला करना अत्यंत निंदनीय है। सीएम मान ने आगे लिखा कि आम लोगों को निशाना बनाना पूरी तरह गलत है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
ਜੰਮੂ-ਕਸ਼ਮੀਰ ਦੇ ਪੁੰਛ ਸੈਕਟਰ ਵਿਖੇ LOC ਨੇੜੇ ਸਥਿਤ ਗੁਰਦੁਆਰਾ ਸਾਹਿਬ 'ਤੇ ਪਾਕਿਸਤਾਨ ਵੱਲੋਂ ਬੰਬ ਨਾਲ ਹਮਲਾ ਕੀਤੇ ਜਾਣ ਦੀ ਖ਼ਬਰ ਮਿਲੀ। ਜਿਸ ਵਿੱਚ ਇੱਕ ਰਾਗੀ ਸਿੰਘ ਭਾਈ ਅਮਰੀਕ ਸਿੰਘ, ਅਮਰਜੀਤ ਸਿੰਘ, ਰਣਜੀਤ ਸਿੰਘ ਅਤੇ ਰੂਬੀ ਕੌਰ ਮਾਰੇ ਗਏ ਹਨ। ਜਿੱਥੇ ਸਰਬੱਤ ਦਾ ਭਲੇ ਦੀ ਅਰਦਾਸ ਕੀਤੀ ਜਾਂਦੀ ਹੈ, ਉੱਥੇ ਇਸ ਤਰ੍ਹਾਂ ਦਾ ਹਮਲਾ ਕਰਨਾ ਬੇਹੱਦ…
— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) May 7, 2025
सुखबीर सिंह बादल ने भी की निंदा
पुंछ में गुरुद्वारा साहिब पर पाकिस्तानी सेना की ओर से किए गए हमले को लेकर शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने कड़ी निंदा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि शिरोमणि अकाली दल मृतक गुरसिखों के परिवारों के साथ पूरी एकजुटता व्यक्त करता है। उन्होंने मांग की है कि इस गोलीबारी में जान गंवाने वाले शहीदों को उनके बलिदान के लिए सम्मानित किया जाए। इसके अलावा उनके परिवारों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाए।
ये भी पढ़ें: भारत की एयरस्ट्राइक के बाद सड़कों पर पाकिस्तान... तबाह हुए आतंकियों के अड्डे, देखें हालात
पाकिस्तान लगातार कर रहा सीजफायर का उल्लंघन
पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर पिछले कुछ दिनों से लगातार सीजफायर का उल्लंघन किया जा रहा है। उत्तरी कमान के पीआरओ (रक्षा) लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बरतवाल ने बताया कि 6-7 मई की रात में पाकिस्तानी सेना ने मनमाने ढंग से गोलीबारी की। इसमें जम्मू-कश्मीर के सामने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चौकियों से तोपखाने से गोलीबारी भी की गई।
मंगलवार देर रात को भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और PoK में आतंकी ठिकानों पर हवाई हमले किए। इसके बाद से एलओसी पर पाकिस्तानी सेनी की ओर से गोलीबारी की जा रही है, जिसके चलते जम्मू-कश्मीर में करीब सात अन्य नागरिकों की मौत हो गई। इसके अलावा अन्य 38 घायल भी हो गए। अधिकारियों ने बताया कि पुंछ में 6 और मेंढर में एक व्यक्ति की मौत हुई।
ये भी पढ़ें: भारत की एयर स्ट्राइक से बौखलाहट: PAK सेना ने LOC और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर की गोलीबारी, 3 भारतीयों की मौत
(Edited By: Ankush Upadhayay)