दिल्ली से बाहर जाएं पाकिस्तानी नागरिक: केंद्र का फैसला सख्ती से होगा लागू, असमंजस में पाकिस्तान से आए हिंदू
Delhi Government: दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार के फैसले को सख्ती से लागू करने का आदेश दिया है। दिल्ली सरकार की तरफ से कहा गया है कि पाकिस्तानी नागरिक दिल्ली से बाहर निकलें। इसके कारण दिल्ली में बसे हिंदू शरणार्थी असमंजस में हैं।
Delhi Government: 24 अप्रैल, मंगलवार को पहलगाम में हुए हमले में 27 लोगों की मौत के बाद केंद्र सरकार की तरफ से सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वापस दिल्ली भेजने का ऐलान किया गया है। जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल, 2025 से मेडिकल, डिप्लोमैटिक और लॉन्ग-टर्म वीजा को छोड़कर पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी वीजा रद्द किए गए हैं। ये वीजा 29 अप्रैल से अमान्य हो जाएंगे। इसके बाद से पाकिस्तानी नागरिकों को भारत के लिए वीजा नहीं दिए जाएंगे। इसको लेकर दिल्ली सरकार ने भी केंद्र सरकार के आदेशों का कड़ाई से अनुपालन करने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली सरकार ने दिए ये आदेश
दिल्ली सरकार की तरफ से बताया गया कि अगर कोई पाकिस्तानी केंद्र सरकार द्वारा जारी किए गए आदेशों का उल्लंघन करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले पर गंभीरता से नजर रखने का ऐलान किया गया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सार्क वीजा रद्द करने के संबंध में गृह मंत्रालय ने निर्देश दिया है।
इसके कारण वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया गया है। विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा 3(1) के तहत शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फैसला किया है। इसके कारण मेडिकल वीजा, दीर्घकालिक वीजा, राजनयिक और आधिकारिक वीजा को छोड़कर सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल 2025 से तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तानियों को खोजकर वापस भेजो': गृहमंत्री अमित शाह की सभी मुख्यमंत्रियों से अपील; पहलगाम हमले के बाद सर्चिंग शुरू
असमंजस में पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी
ऐसी स्थिति में पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी असमंजस में हैं। उनके लिए 'न इधर के रहे, न उधर के रहे' वाली स्थिति हो गई है। दिल्ली में मौजूद पाकिस्तानी हिंदुओं का कहना है कि वे हाल ही में दिल्ली आए हैं। उनका परिवार भारत में बसने के इरादे से आया था। वे 45 दिन का वीजा लेकर भारत आ सके थे। ऐसे में उनके सामने असमंजस वाली स्थिति बन गई है।
आतंकी हमले के बाद लिया गया फैसला
बता दें कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लिए गए फैसलों में से एक फैसला ये भी है कि भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ना होगा। इसको सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तरफ से सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को फोन किया गया। उन्होंने फोन पर कहा कि राज्य सरकारें सुनिश्चित करें कि पाकिस्तानी नागरिक तय की गई समय सीमा के अंदर भारत छोड़ दें। सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आदेश दिए गए हैं कि वे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करें और सुनिश्चित करें कि उन्होंने देश छोड़ दिया है।
ये भी पढ़ें: 'मेरा बेटा 5 साल का, अकेले पाकिस्तान कैसे जाए', दिल्ली की सादिया अल्वी ने लगाई ये गुहार