बागी नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा रही भाजपा: पति AAP से लड़ रहा चुनाव, तो पत्नी को किया बेदखल

Delhi Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच भाजपा अपने बागी नेताओं को पाले से बाहर का रास्ता दिखा रही है। भाजपा ने पार्षद पूनम पराशर को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

Updated On 2025-01-27 16:03:00 IST
दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा।

Delhi Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों ने कमर कस ली है। 5 फरवरी को चुनाव के लिए मतदान होने वाले हैं। ऐसे में सभी पार्टी दूसरे पाले के नेताओं और उनके समर्थकों को अपनी पार्टी में शामिल करके चुनाव के लिए ज्यादा से ज्यादा वोटर्स को साधने की कोशिश में लगे हुए हैं। सभी पार्टियों में नेताओं का आना-जाना लगा हुआ है। वहीं भाजपा अपने बागी नेताओं को पार्टी के बाहर का रास्ता दिखा रही है। भाजपा पार्टी के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में अपने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं पर सख्ती बरत रही है और उनके खिलाफ एक्शन ले रही है। 

वीरेंद्र सचदेवा ने भेजा नोटिस

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पार्टी के उन कार्यकर्ताओं को निकाल दिया है, जो विधानसभा चुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं या किसी और राजनीतिक दल के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। हालिया मामला भाजपा पार्षद पूनम पराशर से जुड़ा हुआ है। भाजपा ने पूनम पराशर को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है। पार्टी का कहना है कि पूनम पराशर के पति भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं, जो अनुशासनहीनता है। इसको लेकर पूनम पराशर को पार्टी की तरफ से नोटिस दिया गया है। 

ये भी पढ़ें: बीजेपी के प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल पर लगाया बड़ा आरोप, बोले-हार के डर से लोगों को करा रहे फर्जी कॉल

नोटिस में क्या लिखा है

नोटिस में लिखा है कि 'दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ आपके पति आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। ये पार्टी के अनुशासन के खिलाफ है। इसके कारण दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के निर्देशानुसार आपको तुरंत प्रभाव से पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।'

कौन हैं पूनम पराशर

बता दें कि वर्तमान में पूनम पराशर झा वार्ड नंबर 44N से पार्षद हैं। इसके साथ ही वो नजफगढ़ जिला बीजेपी की सह-प्रभारी भी हैं। वे महिला मोर्चा की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष भी रही हैं। इसके अलावा वे दिल्ली प्रदेश सचिव भी रही हैं और उन्हें DUSU के संयुक्त सचिव के रूप में भी चुना गया था। वहीं उनके पति भी पहले भारतीय जनता पार्टी में थे लेकिन कुछ समय पहले ही उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। आम आदमी पार्टी ने उन्हें कैलाश गहलोत की पुरानी सीट नजफगढ़ से चुनावी मैदान में उतारा है। 

ये भी पढ़ें: अमानतुल्लाह खान ने ओवैसी पर लगाया आरोप: बोले- मुसलमानों के वोट बांटने और भाजपा को जिताने के लिए लड़ रहे चुनाव

Similar News