बांसुरी स्वराज ने AAP और Congress से पूछे पांच सवाल, रामलीला मैदान की रैली को बताया ठगबंधन

नई दिल्ली लोकसभा से बीजेपी प्रत्याशी बांसुरी स्वराज ने आप और कांग्रेस से पांच सवाल पूछे हैं। उन्होंने गठबंधन की रैली को ठगबंधन बताया है।

Updated On 2024-04-01 21:16:00 IST
नई दिल्ली लोकसभा से बीजेपी प्रत्याशी बांसुरी स्वराज।

Bansuri Swaraj: दिल्ली भाजपा मंत्री एवं नई दिल्ली लोकसभा से बीजेपी प्रत्याशी बांसुरी स्वराज ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता कर रविवार को हुई इंडिया गठबंधन की रैली को एक भ्रष्टाचारियों का संगठन बताया, जिसमें ना ही कोई सामंजस्य था और ना ही उसका आम जनता से कोई लेना देना, बल्कि वह सिर्फ अपने भ्रष्टाचारों को छिपाने और जनता को मुख्य मुद्दों से भटकाने के लिए एक प्रोपेगेंडा था।

AAP और Congress से पूछे पांच सवाल

इस दौरान बांसुरी ने आप और कांग्रेस से पांच सवाल पूछे। पहला, कांग्रेस बताएं कि इनकम टैक्स ने जो नोटिस दिया है, वह सही है या गलत? आपने टैक्स आंकड़े गलत दिखाए या नही? दूसरा, कांग्रेस बताए कि उसने समय पर इनकम टैक्स फाइल क्यों नहीं किया? आय को कम करके क्यों बताया? तीसरा, आम आदमी पाटी बताए कि क्या सुनीता केजरीवाल अब अघोषित रूप से मुख्यमंत्री हैं? क्योंकि अब वही केजरीवाल की सरकारी मुख्यमंत्री कुर्सी का इस्तेमाल प्रेस संदेश देने में कर रही हैं? चौथा, आम आदमी पार्टी बताएं कि शराब घोटाले में उनके नेताओं को कोर्ट जमानत क्यों नहीं दे रही है? और पांचवा, जब 9 बार समन हुआ तो केजरीवाल पेश क्यों नहीं हुए? क्या वे चाहते थे कि जानबूझकर मामला चुनाव तक जाए और वह गिरफ्तारी पर विक्टिम कार्ड खेल सकें।

इस दौरान दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि रविवार हमने देखा कि यह राजनीतिक गठबंधन नहीं है, यह तो ठगबंधन है जो औरों के साथ एक दूसरे को भी ठग रहा है जैसे रविवार को कांग्रेस ने मंच से अरविंद केजरीवाल की तस्वीर का बोर्ड हटवा कर दिखाया।

बता दें कि लोकसभा चुनाव को लेकर पक्ष और विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। बीजेपी दिल्ली शराब घोटाले मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। वहीं, आप भी बीजेपी पर जमकर हमला बोल रही है।

Similar News