आप का 'जेल का जवाब वोट से' अभियान: शाहदरा से की शुरुआत, गोपाल राय बोले- हम केजरीवाल बनकर उनका संदेश घर-घर पहुंचाएंगे

आम आदमी पार्टी ने पूर्वी दिल्ली में शाहदरा के विश्वास नगर से 'जेल का जवाब वोट से' कैंपेन की शुरुआत की। गोपाल राय ने कहा कि हम केजरीवाल बनकर उनका संदेश घर-घर पहुंचाएंगे।

Updated On 2024-04-09 19:53:00 IST
'जेल का जवाब वोट से' कैंपेन की शुरुआत की।

Jail Ka Jawab Vote Se Campaign: आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार को पूर्वी दिल्ली में शाहदरा के विश्वास नगर से 'जेल का जवाब वोट से' कैंपेन की शुरुआत की। आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने अभियान की शुरुआत करते हुए बताया कि भाजपा ने कैसे साजिश के तहत सीएम अरविंद केजरीवाल को जेल भेज दिया है, ताकि वो चुनाव प्रचार न कर सकें।

जनता केजरीवाल को जेल भेजने से दुखी- राय

गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली की जनता केजरीवाल को जेल भेजने से दुखी है। जनता ने संकल्प लिया है कि केजरीवाल को जेल भेजने का जवाब वोट से देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने तानाशाही रवैया दिखाते हुए केजरीवाल को जेल में डालकर चुनाव प्रचार से रोक दिया है, लेकिन हम केजरीवाल बनकर उनका संदेश घर-घर पहुंचाएंगे।

राय ने कहा कि इस अभियान के तहत हर कार्यकर्ता लोगों को संदेश दे रहा है कि जब से दिल्ली के लोगों ने अपनी वोट की ताकत से अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाया है, तब से उन्होंने दिल्ली के लोगों को 24 घंटे मुफ्त बिजली और मुफ्त पानी दिया। स्कूल और अस्पतालों को बेहतर किया। महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की। बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा की व्यवस्था की। इस बार के बजट में दिल्ली की महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने की व्यवस्था की। दिल्ली के लोगों के लिए अरविंद केजरीवाल ने काम किया। इसलिए उनको वोट देकर जनता ने चुना, लेकिन मोदी सरकार ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया। इसलिए उनके गैरकानूनी गिरफ्तारी के विरोध में इस अभियान की शुरुआत हुई है।

आप ने शुरू किया ‘जेल का जवाब वोट से' अभियान

गोपाल राय ने कहा कि अगर दिल्ली के लोग चाहते हैं कि काम करने वाला मुख्यमंत्री जेल से बाहर आएं, तो लोगों के पास एक ही रास्ता है कि जेल का जवाब वोट से दें, झाड़ू की चोट से दें। इसलिए आज से दिल्ली में हर जगह यह नारा गूंजेगा कि 'झाड़ू की चोट से, जेल का जवाब वोट से'। इस डोर टू डोर अभियान के तहत हम लोग अरविंद केजरीवाल बनकर घर-घर जाएंगे। जिन लोगों के लिए अरविंद केजरीवाल ने काम किया है। वही लोग इस चुनाव में अब उनके लिए काम करेंगे। यही इस डोर टू डोर अभियान का मकसद है।

Similar News